अपराधन्यूज़भारतराज्यहेडलाइंस

डॉक्टर पति ने गला घोंटा फिर 50 किमी दूर ले जाकर पत्नी को जलाया, सागर के इस कांड से दहल गया पूरा MP

उमाकांत त्रिपाठी।मध्यप्रदेश के सागर जिले में कार में जलकर महिला की मौत का मामला अब एक खौफनाक हत्याकांड में बदल चुका है. जिस घटना को पहले सड़क हादसा बताया जा रहा था, वह दरअसल एक सुनियोजित हत्या निकली. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी डॉक्टर पति ने पहले घर में पत्नी का गला घोंटा, फिर सबूत मिटाने के लिए 50 किलोमीटर दूर ले जाकर कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी.

मृतका की पहचान सीमा कुर्मी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति डॉक्टर नीलेश कुर्मी है. पुलिस ने नीलेश के साथ उसके दो साथियों रामकृष्ण और शुभम को भी गिरफ्तार किया है. पूछताछ में सामने आई कहानी ने सभी को हैरान कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, 20 मार्च की रात करीब 2 बजे नीलेश घर लौटा. देर रात घर आने को लेकर पत्नी सीमा ने सवाल किए, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. गुस्से में आकर नीलेश ने सीमा का गला घोंट दिया. इसके बाद जब वह अचेत हो गई तो आरोपी घबरा गया और घटना को छिपाने की साजिश रचने लगा.

बेटी से बोला झूठ, रास्ते में रची साजिश
इसी दौरान घर में मौजूद बेटी जाग गई, तो आरोपी ने उससे कहा, ”मां को डॉक्टर के पास ले जा रहे हैं, दरवाजा बंद कर लेना.” इसके बाद आरोपी सागर की ओर निकल गया. रास्ते में उसने अपने ससुर और साले को फोन कर बताया कि सीमा की तबीयत खराब है. लेकिन असली साजिश कुछ और ही थी. रात करीब 4 बजे वह गढ़ाकोटा रोड पर चनाटोरिया के पास पहुंचा, जहां सुनसान जगह पर कार रोकी. यहां उसने पत्नी के शरीर पर पेट्रोल डाला और माचिस जलाकर कार में आग लगा दी. आग लगने के बाद वह अपने साथियों के साथ खड़ा होकर कार को जलते हुए देखता रहा. इस दौरान किसी ने सीमा को बचाने की कोशिश तक नहीं की.

अलग-अलग कहानियों में फंसा
घटना को हादसा दिखाने के लिए आरोपी ने पुलिस और परिजनों को अलग-अलग कहानियां सुनाईं. कभी हार्ट अटैक, कभी एक्सीडेंट, तो कभी सीएनजी ब्लास्ट. लेकिन पुलिस को शुरुआत से ही मामला संदिग्ध लगा. घटनास्थल से मिली जली हुई माचिस, कार की स्थिति और तकनीकी जांच में कई तथ्य सामने आए, जिससे साजिश का पर्दाफाश हो गया.

नीलेश के अफेयर से छिड़ा विवाद
जांच में यह भी सामने आया कि- नीलेश का एक युवती से अफेयर था. इसी को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पत्नी के विरोध करने पर आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

मौत गला घोंटने से हुई या जलने से?
पुलिस ने आरोपी के घर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, हालांकि रिकॉर्डिंग नहीं मिली. डीवीआर जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है. वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि सीमा की मौत गला घोंटने से हुई या जलने से. इनका कहना है कि- एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि आरोपी पति और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. तीनों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है.

Related Posts

गाली-गलौज और भद्दी लैंग्वेज… स्कूल के बाथरूम में छात्राओं के झगड़े का वीडियो वायरल, आप भी देखिए

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूल के…

1 of 855

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *