खबर इंडिया की।गुना में 22 साल की युवती के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि जिस महिला के यहां युवती पार्लर का काम सीखने जाती थी, उसी ने अपने पति से कई बार रेप कराया। पीड़िता ने शनिवार शाम कैंट थाने में शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने महिला, उसके पति और देवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।एसपी हितिका वासल के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि वह गुलाबगंज निवासी यास्मीन खान के यहां पार्लर का काम सीखती थी। यास्मीन का पति शरीफ खान भी अकसर वहां मौजूद रहता था। करीब चार महीने पहले यास्मीन ने उसे काम के बहाने घर बुलाया।
मुझे बुलाकर यास्मीन कहीं चली गई
युवती ने बताया- जब मैं पहुंची तो घर में यास्मीन नहीं थी, बल्कि उसका पति शरीफ खान मौजूद था। इंतजार करने के दौरान आरोपी ने उसके साथ रेप किया और किसी को बताने पर जान से मारने व बदनाम करने की धमकी दी। डर के कारण युवती ने यह बात अपने परिवार को नहीं बताई।युवती ने बताया कि- जब उसने यह बात यास्मीन को बताई तो उसने इसे नजरअंदाज करते हुए किसी को नहीं बताने की बात कही। इसके बाद कई बार ऐसा हुआ कि यास्मीन उसे घर बुलाती और धमका कर पति के साथ कमरे में भेज देती, जहां आरोपी उसके साथ रेप करता था और वह गेट पर पहरा देती थी।
फोन कर बुलाया, नहीं आने पर बदनामी की धमकी
युवती का आरोप है कि- शनिवार को भी आरोपी शरीफ खान ने युवती को फोन कर घर बुलाया और नहीं आने पर बदनाम करने की धमकी दी। जब युवती वहां पहुंची तो घर में यास्मीन खान और शरीफ का भाई मुवीन खान भी मौजूद थे। आरोप है कि दोनों की मौजूदगी में शरीफ युवती को जबरन कमरे में ले गया और रेप करने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें शरीफ गिरकर घायल हो गया।
परिजन पहुंचे तो आरोपी भागा, गिरने से हुआ घायल
युवती का कहना है कि- इसी दौरान किसी ने युवती के परिजनों को सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवती को बाहर निकाला। परिजनों को देखकर आरोपी भागने लगा और भागते समय गिरकर घायल हो गया। पीड़िता की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने शरीफ खान, यास्मीन खान और मुवीन खान के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।














