उमाकांत त्रिपाठी।फतेहपुर जिले में एक अनोखी घटना सामने आई है, जहां जयमाल के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हे को अपनी बारात के साथ बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा। यह घटना औंग थाना क्षेत्र के थानपुर गांव में हुई।
फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र के थानपुर गांव निवासी चंदिका निषाद की बेटी की शादी बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के रजीपुर गांव निवासी राम प्रसाद निषाद के बेटे छेदीलाल से तय हुई थी। तय तारीख 5 नवंबर को दूल्हा छेदीलाल बारात लेकर लड़की के घर पहुंचा। बारात का स्वागत और आगवानी की गई, जिसके बाद जयमाल का कार्यक्रम संपन्न हुआ। जयमाल के तुरंत बाद दुल्हन ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया।
दुल्हन के इनकार के बाद शुक्रवार रात से लेकर शनिवार सुबह तक दोनों पक्षों के बीच मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा। हालांकि, बातचीत से कोई समाधान नहीं निकल सका। अंततः दूल्हा छेदीलाल अपनी पूरी बारात के साथ मायूस होकर वापस लौट गया।
सूत्रों के अनुसार, लड़की का गांव के ही एक सजातीय युवक से प्रेम संबंध होने की चर्चा है। बारात के लौट जाने के बाद परिजनों ने कथित तौर पर लड़की को उसी युवक के घर भेज दिया। हालांकि, इस जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। यह घटना पूरे गांव में दिनभर चर्चा का विषय बनी रही।इस मामले पर औंग थाना अध्यक्ष रमाशंकर सरोज ने बताया कि लड़की बालिग है। बिना किसी शिकायत के पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर सकती है।














