भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टेस्ट में 6 विकेट से हरा दिया है। 115 के टारगेट को 26.4 ओवर में भारत ने हासिल कर लिया। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सभी फॉर्मेट को मिलाकर 100 जीत पूरे कर लिए हैं। घर पर टीम इंडिया को पिछले 44 टेस्ट मैचों में सिर्फ 2 दफा हार मिली है। 36 बार जीत और 6 मैच ड्रॉ रहे हैं। अपने 100वें टेस्ट मैच में पुजारा ने विनिंग रन स्कोर करते हुए भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 25,000 रन पूरे कर लिए हैं। वह भारत के लिए सबसे तेज 25,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर ने 25,000 रनों का आंकड़ा पार किया था। रोहित शर्मा ने चेतेश्वर पुजारा के 100वें टेस्ट मैच को देखते हुए रनआउट के तौर पर अपना विकेट कुर्बान कर दिया। बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज 2023 में अश्विन और जडेजा के कॉम्बो ने 31 विकेट हासिल कर लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में जडेजा ने 12.1 ओवर में 42 रन देकर 7 विकेट हासिल किए। अश्विन ने 16 ओवरों में 59 रन देकर 3 सफलता पाई। रवींद्र जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए 14 टेस्ट मैचों में 5 दफा 5 विकेट से ज्यादा हासिल कर लिए हैं। ऑस्ट्रेलियाई पारी की दुर्दशा का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि उसके अंतिम 3 विकेट अंतिम 11 गेंदों में बिना एक भी रन जोड़े आउट हो गए। साल 2020 से अगर बात करें, तो अश्विन ने स्मिथ के खिलाफ 149 गेंदें डाली हैं। इस दौरान स्मिथ के बल्ले से सिर्फ 74 रन बनाए हैं और वह 5 दफे आउट हुए हैं। इस टेस्ट में भी दोनों बार आश्विन ने ही स्मिथ का शिकार किया।
बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच मैच के तीसरे दिन दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 62 पर 1 विकेट से शुरुआत की। दिन के पहले ही ओवर में अश्विन ने खेला कर दिया। 13वें ओवर की अंतिम गेंद टॉस्ड अप ऑन ऑफ। हेड गेंद को डिफेंड करने के लिए आगे की तरफ आए लेकिन पूरी तरह नहीं। गेंद बल्ले से थोड़ी दूर पिच हुई और बाहर की तरफ घूमी। थिन आउटसाइड एज श्रीकर भरत के हाथ में। हेड ने बनाए 43 और ऑस्ट्रेलिया ने 65 के स्कोर पर दूसरा विकेट खो दिया। अश्विन के 19वें ओवर की अंतिम गेंद क्विकर ऑफब्रेक आउटसाइड ऑफ। स्मिथ स्वीप शॉट चूक गए और LBW करार दिए गए। मुकाबले में दूसरी दफा स्मिथ अश्विन का शिकार बने। रवींद्र जडेजा के 22वें ओवर की चौथी गेंद को लैबुशेन बैकफुट से डिफेंड करना चाह रहे थे। गेंद स्किड करते हुए थोड़ी नीची रही और सीधा विकेट पर जा लगी। दुनिया का नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज 35 रन बनाकर वापस लौटा और ऑस्ट्रेलिया को 95 पर चौथा झटका लग गया।
23वें ओवर की अंतिम गेंद पर रेन्शा मिडिल स्टंप वॉली बॉल पर स्वीप शॉट खेलने चले गए। प्लंब…LBW आउट। इस ओवर में अश्विन ने लगातार टर्न और बाउंस हासिल किया। नतीजा रेन्शा 8 गेंदों में सिर्फ 2 रन बनाकर वापस लौट गए। सही मायने में कहें तो रेन्शा स्पिन के खिलाफ पूरी तरह क्लूलेस दिखाई पड़ रहे थे। जडेजा के 24वें ओवर की पहली गेंद पर हैंड्सकम्ब ड्राइव करने गए लेकिन बाहरी किनारा स्लिप में विराट के हाथ पहुंच गया। ना तो बल्लेबाज आउटसाइड ऑफ टॉस्ड अप गेंद की लाइन में पूरी तरह आ सके थे और ना ही वह गेंद की पिच तक पूरी तरह पहुंच सके थे। मुकाबले की रही सही कसर अगली ही गेंद पर कंगारू कप्तान पैट कमिंस को बोल्ड कर रवींद्र जडेजा ने पूरी कर दी। दरअसल आते ही कमिंस ने स्लॉग स्वीप ट्राई किया और नीची रहती गेंद विकेट से टकरा गई। 23.2 ओवरों में 95 पर 7 आउट। कप्तान पैट कमिंस से ऐसे गैर-जिम्मेदाराना शॉट की उम्मीद किसी को नहीं थी। अब मुकाबले में रवींद्र जडेजा का कहर बल्लेबाजों के सर चढ़कर बोल रहा था।
28वें ओवर की पहली गेंद जडेजा ने लेग स्टंप पर डाली। एलेक्स कैरी ने पहले ही सोच लिया था कि रिवर्स स्वीप खेलना है। गेंद की लाइन मिस हुई और लेग स्टंप जमीन पर आ गिरा। एलेक्स कैरी ने 10 गेंदों पर बनाए 7 और ऑस्ट्रेलिया का स्कोर हो गया 110 पर 8…! जडेजा के 30वें ओवर की पांचवीं गेंद पर नाथन लियोन बड़ा ड्राइव खेलना चाहते थे। थिक इन्साइड एज लेग स्टंप पर जा लगा। लियोन ने बनाए 21 पर 8 और स्कोर 113 पर 9 आउट। 32वें ओवर की पहली गेंद पर ही कुहनीमन को बोल्ड कर जडेजा ने 113 पर ऑस्ट्रेलियाई पारी समाप्त कर दी। इसी के साथ रवींद्र जडेजा ने पारी में 7 विकेट पूरे कर लिए। भारत के सामने जीत के लिए चौथी पारी में 115 रनों का टारगेट था।
चेज के सामने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर ही राहुल ने लियोन की पैड्स वाली गेंद को फॉरवर्ड शॉर्ट लेग फील्डर के घुटनों पर मार दिया। घुटनों से टकराकर गेंद विकेटकीपर के लिए आसान कैच बन गई। राहुल के खाते में आए 1 और स्कोर 6 पर 1 आउट…! 7वें ओवर में रोहित 20 गेंदों पर 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 31 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने आक्रामक पारी से टीम को मोमेंटम प्रदान किया। मर्फी के 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर विराट स्टंप आउट हो गए। विराट के खाते में आए 20 और 69 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। नाथन लियोन के 22वें ओवर की चौथी गेंद पर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का मारने की फिराक में श्रेयस अय्यर बाउंड्री लाइन पर लपके गए। अय्यर ने बनाए 12 और 88 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। इसके बाद पुजारा ने नाबाद 31 और केएस भरत ने नाबाद 23 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।















