लगातार चौथी बार बॉर्डर गावस्कर टेस्ट सीरीज हिंदुस्तान ने रिटेन कर लिया है। दूसरे दिन पहली पारी में 1 रन से पिछड़ने के बाद तीसरे दिन भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा दिया। दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक जिस ऑस्ट्रेलिया ने 1 विकेट खोकर 62 रन बना लिए थे, वह 31.1 ओवर में सिर्फ 113 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। रवींद्र जडेजा ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 12.1 ओवरों में 42 रन देकर 7 विकेट हासिल किए। अश्विन ने भी 16 ओवरों में 59 रन देकर 3 सफलता अर्जित की। इस मुकाबले में जडेजा और अश्विन की जोड़ी ने एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम किया। दोनों स्पिनर्स ने एक साथ खेलते हुए 1000 विकेट हासिल कर लिए। इन दोनों से पहले स्पिनर्स की किसी जोड़ी ने यह कारनामा नहीं किया था। चौथी पारी में 115 के टारगेट को टीम इंडिया ने 26.4 ओवरों में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट में कंगारुओं के 263 के जवाब में भारतीय टीम 262 रन बना सकी। इस तरह पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया को 1 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 1 विकेट खोकर 61 रन बना लिए हैं। ख्वाजा 6 रन बनाकर जडेजा का शिकार बने। ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त 62 रनों की हो गई है। पहली पारी में 139 पर 7 विकेट खो चुकी टीम इंडिया ने अक्षर पटेल और आर. अश्विन की पार्टनरशिप के बदौलत 262 तक का सफर तय किया। 74 रनों की पारी की बदौलत अक्षर पटेल इस साल बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज में हाईएस्ट रन स्कोरर बन गए। दूसरे दिन का सबसे बड़ा लम्हा विराट कोहली को गलत आउट दिया जाना रहा। विराट जिस लय में खेल रहे थे, लग रहा था कि बड़ा स्कोर आ सकता है। पर वह अंपायर के गलत निर्णय का शिकार हो गए। मुकाबले के दूसरे दिन का पूरा सूरत-ए-हाल आगे पढ़िए।
दूसरे दिन की शुरुआत में ही कुहनीमन के 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर केएल राहुल ने डाउन द ट्रैक आकर लॉन्गऑन के ऊपर से छक्का जड़ा। लगा कि आज वह कुछ बड़ा करेंगे। पर नाथन लियोन के 18वें ओवर की पहली गेंद पर राहुल का सब्र जवाब दे गया। टॉस्ड अप डिलीवरी ऑन मिडिल स्टंप, जिसे डिफेंड करने के लिए राहुल आगे निकल कर आए। पर उनका बल्ला पैड के पास हल्का फंस गया। गेंद पैड के निचले हिस्से से टकराई और राहुल LBW करार दिए गए। राहुल ने बनाए 17 और भारत को 46 के स्कोर पर पहला झटका लग गया।
इंडियन फैंस थोड़ा संभलते, इससे पहले ही लियोन ने 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर बहुत बड़ा कारनामा कर दिया। क्विकर बॉल टप्पा खाने के बाद थोड़ा घूमी। रोहित बैकफुट से खेलना चाहते थे लेकिन बॉल बल्ले और पैड के बीच से स्टंप्स पर जा टकराई। जिस गेंद पर रोहित को फ्रंटफुट पर आना चाहिए था, वह बैकफुट पर रह गए। हिटमैन ने बनाए 69 गेंदों पर 32 और भारत को 53 के स्कोर पर दूसरा झटका लग गया। केएल राहुल से तो वैसे भी कोई खास उम्मीद नहीं थी, लेकिन पहले टेस्ट के शतकवीर रोहित का जल्दी लौट जाना भारत के लिए खतरे की घंटी था। सुबह से हर तरफ खबर चल रही थी कि चेतेश्वर पुजारा का बयान आया है, वह भारत को आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप जिताना चाहते हैं। पर उसके लिए भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतनी होगी। ऐसा होने के लिए अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे चेतेश्वर पुजारा को असाधारण प्रदर्शन करना था।
नाथन लियोन के 20वें ओवर की चौथी गेंद टॉस्ड अप डिलीवरी ऑन स्टंप्स। पुजारा ने आगे झुकते हुए गेंद को डिफेंड करने में थोड़ी देर कर दी। परिणाम यह हुआ कि बॉल बल्ले से पहले पैड से जा टकराई। LBW आउट…! भारत को 54 के स्कोर पर तीसरा झटका लग गया। 100वें टेस्ट मैच में पुजारा बिना खाता खोले वापस लौट गए। अब बारी उस खिलाड़ी की थी, जिसे अंदर लाने के लिए टीम मैनेजमेंट ने सूर्यकुमार यादव को डेब्यू टेस्ट के बाद ही टीम से बाहर कर दिया। 26वें ओवर की दूसरी गेंद पर श्रेयस अय्यर ने नाथन लियोन के खिलाफ फ्लिक किया। हैंड्सकंब ने फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर असाधारण कैच पकड़ लिया। गेंद फील्डर की बाजुओं से लगने के बाद दाहिने पैर से होकर जमीन की तरफ जा रही थी लेकिन हैंडस्कंब ने आखिरी लम्हे तक नजर बनाए रखी और कैच कंप्लीट किया। अय्यर के खाते में 15 गेंदों पर 4 रन आए और भारत को 66 के स्कोर पर चौथा झटका लग गया।
उम्मीद की किरण अब सिर्फ विराट कोहली में नजर आ रही थी। विराट और रवींद्र जडेजा ने मिलकर काउंटर अटैक करने की रणनीति अपनाई। जो कंगारू गेंदबाज अबतक चढ़कर बॉलिंग कर रहे थे, वे भी थोड़े दबाव में नजर आए। पर 47वें ओवर की पांचवी गेंद पर मर्फी ने मुकाबले में अपना पहला शिकार कर लिया। जडेजा पैड्स के काफी करीब से गेंदों को खेल रहे थे और ऐसे में LBW की संभावना प्रबल थी। आउट करने वाली गेंद ऑफ स्टंप के पास पिच हुई और आर्म के साथ अंदर की तरफ आई। जडेजा टर्न के लिए खेले और गेंद सीधा पैड से टकरा गई। वह LBW आउट हो गए। जडेजा के खाते में 74 गेंदों पर आए 26 और भारत को 125 के स्कोर पर पांचवां झटका लग रहा। अभी भी ऑस्ट्रेलिया के पास 188 रनों की बढ़त थी। इधर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।
कुहनीमन के 50वें ओवर की तीसरी गेंद आर्म बॉल थी। साफ दिखाई पड़ रहा था कि गेंद ने पहले बल्ले का किनारा लिया और फिर पैड से टकराई। यहां तक कि बॉल हल्का सा विकेट को छूते हुए डाउन द लेग भी निकल रही थी। इसके बावजूद थर्ड अंपायर ने मैदानी अंपायर के निर्णय को कायम रखते हुए विराट को LBW करार दिया। विराट को गलत आउट दिए जाने का नतीजा यह रहा कि टीम इंडिया को 135 के स्कोर पर छठा झटका लग गया। नाथन लियोन के 51वें ओवर की पांचवी गेंद पर स्वीप खेलते हुए केएस भरत जल्दी शॉट खेल गए। ग्लव से लगकर गेंद खड़ी हो गई और स्लिप से आकर स्टीव स्मिथ ने आसान सा कैच पकड़ लिया। भरत वापस लौटना नहीं चाहते थे, लेकिन बेमन से पवेलियन की ओर चल पड़े। इस एक पल में ऋषभ पंत की बहुत कसके याद आई। पंत हमेशा से लियोन की धज्जियां उड़ाते रहे हैं और उनकी अनुपस्थिति में विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भारत 12 गेंदों पर 6 रन बनाकर वापस लौट गए। भारत का स्कोर 139 पर 7 हो गया। नाथन लियोन ने पारी में अपना पांचवां शिकार किया। इसके बाद अक्षर पटेल और आर. अश्विन की जोड़ी मैदान में जम गई। दोनों ने मिलकर 114 रनों की गेमचेंजिंग पार्टनरशिप बना दी।
81वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने नई गेंद ली और और कप्तान पैट कमिंस ने दूसरी गेंद फुल लेंथ की डाल दी। अश्विन का चिप शॉट सीधा स्क्वायर लेग फील्डर के हाथ में। अश्विन ने 5 चौकों की मदद से 37 रनों की शानदार पारी खेली। 253 के स्कोर पर टीम इंडिया को 8वां झटका लगा। इसी बीच 259 के स्कोर पर 74 रन बनाकर अक्षर पटेल भी चलते बने। दरअसल मर्फी की गेंद को एक्रॉस खेलने की फिराक में अक्षर सीधा मिडऑन फील्डर के हाथ में खेल बैठे। 84वें ओवर की तीसरी गेंद पर कुहनीमन ने मोहम्मद शमी को बोल्ड कर भारतीय पारी को समाप्त कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन लियोन ने 29 ओवरों में 67 रन देकर सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाए।
कुहनीमन और मर्फी के हिस्से 2-2 विकेट आए। 1 विकेट कप्तान पैट कमिंस के खाते में गया। तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया 61 पर 1 से आगे खेलना शुरू किया। लैबुशेन 16 और ट्रेविस हेड 39 रन पर नाबाद थे। पर इसके बाद वक्त बदल गया, हालात बदल गए और जज्बात बदल गए। ऑस्ट्रेलिया सिर्फ 113 पर ऑल आउट हो गया और भारत ने 6 विकेट से मुकाबला जीत लिया। 100वां टेस्ट मैच खेल रहे चेतेश्वर पुजारा 31 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ केएस भरत भी 23 रन पर नाबाद वापस लौटे।















