केन विलियमसन ने श्रीलंका के खिलाफ नाबाद शतक जड़कर टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचा दिया है। 286 के टारगेट को न्यूजीलैंड ने चौथी पारी के पांचवें दिन की अंतिम गेंद पर हासिल कर लिया। क्राइस्टचर्च में खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में मेजबानों ने 2 विकेट से जीत हासिल की। न्यूजीलैंड की जीत के साथ ही भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गई है। जहां उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। ये मैच 7 से 11 जून तक इंग्लैंड के ओवल मैदान पर खेला जाएगा। विलियमसन 194 गेंदों पर 11 चौकों और 1 छक्के की मदद से 121 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारतीय टीम पिछली बार भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची थी। जहां उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
न्यूजीलैंड को श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के लिए 285 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे उन्होंने 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड के लिए केन विलियमसन ने दूसरी पारी में अपने टेस्ट करियर का 27वां शतक लगाया। जिस न्यूजीलैंड ने पिछली दफा भारत को टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल हराया था, इस बार उसी की बदौलत भारत फाइनल खेलेगा। मैच की बात करें तो श्रीलंका ने पहली पारी में 355 रन बनाए। टीम के लिए कुसल मेंडिस ने सबसे ज्यादा 87 रन की पारी खेली। वहीं करुणारत्ने ने 50 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए इस इनिंग में साउदी ने 5 जबकि मैट हेनरी ने 4 विकेट हासिल किए।
जवाब में न्यूजीलैंड ने डैरेल मिचेल के शतक की बदौलत पहली पारी में 373 रन बनाए। मिचेल ने 102 रन की पारी खेली। वहीं श्रीलंका की तरफ से असिता फर्नांडो ने 4 विकेट हासिल किए। फर्स्ट इनिंग के आधार पर न्यूजीलैंड को 18 रन की बढ़त हासिल हुई।दूसरी पारी में श्रीलंका ने एंजेलो मैथ्यूज के शतक की बदौलत 302 रन बनाए। मैथ्यूज ने 115 रन की पारी खेली। वहीं डी सिल्वा ने 47 रन बनाए। सेकेंड इनिंग्स में न्यूजीलैंड के लिए टिकनर ने 4 जबकि हेनरी ने 3 विकेट हासिल किए। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 285 रन का टारगेट मिला। जिसे उन्होंने मैच के अंतिम दिन, अंतिम गेंद पर हासिल कर लिया।
न्यूजीलैंड के लिए केन विलियमसन ने शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं उनका साथ दिया डैरेल मिचेल ने। वो 86 गेंद पर 81 रन बनाकर असिता फर्नान्डो का शिकार बने। इसके बाद टॉम ब्लंडेल 3 रन बनाकर फर्नान्डो की गेंद पर ही आउट हुए। जिसके बाद माइकल ब्रेसवेल भी 10 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं टिम साउदी ने 1 रन बनाया, लेकिन विलियमसन ने एक छोर संभाले रखा और टीम को जीत दिला दी।















