क्रिकेट

यूं ही लगातार मचाएगा अपने बल्ले से पूरा तांडव, भारत को कई मैचों में जिताएगा सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार यादव ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों वनडे मुकाबलों में सेकंड डाउन बल्लेबाजी करेंगे। श्रेयस अय्यर चोट के कारण इस सीरीज से बाहर रहेंगे। सूरज को हथेली से कितने दिन तक छिपाओगे? एक न एक दिन उसकी गर्मी से तुम्हारे हाथों पर छाले पड़ जाएंगे और फिर सूरज बादलों को चीर कर निकल आएगा। सूर्यकुमार यादव के लिए यह बात बिल्कुल सही बैठती है। गौर करने वाली बात यह है कि क्रिकेट के इतिहास में किसी फॉर्मेट में सूर्यकुमार यादव के अलावा किसी और बल्लेबाज ने सिर्फ 875 गेंदें खेलकर 1500 रन नहीं पूरे किए। भारत के लिए T-20 इंटरनेशनल में सूर्यकुमार यादव ने यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। एक तरफ जहां कंगारू गेंदबाज वनडे सीरीज में लगातार भारतीय बल्लेबाजों पर शिकंजा कसने की बात कर रहे हैं, अब उनके सामने भारत के सबसे बड़े हिटर से पार पाने की चुनौती होगी।

टेस्ट सीरीज में जिस तरह अनफिट श्रेयस अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह चौथे टेस्ट में चुना गया, उसी का नतीजा रहा कि भारत को 9 बल्लेबाजों के साथ बल्लेबाजी के लिए मजबूर होना पड़ा। दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने T-20 इंटरनेशनल करियर में अब तक 13 अर्धशतक और 3 शतक बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव ने T-20 इंटरनेशनल का पहला शतक इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। दूसरा शतक न्यूजीलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था और तीसरा शतक भारत में श्रीलंका के खिलाफ। तीनों ही टीमों का गेंदबाजी आक्रमण धारदार है। ऐसे में यह उन लोगों के मुंह पर करारा तमाचा है, जो सूर्या को छोटी टीमों के खिलाफ चलने वाला बड़ा खिलाड़ी बोलते थे।

गौर करने वाली बात ये भी है कि तीनों ही शतक 6 महीने के अंदर आए हैं। सोचकर देखिए कि जिस प्रतिभा को वर्षों दबाकर रखा गया, आज वह किस कदर निखर कर बाहर आ रही है। 31 साल की उम्र में डेब्यू और 32 साल की उम्र में दुनिया का नंबर वन T-20 बल्लेबाज। सूर्यकुमार यादव से पहले दुनिया का कोई खिलाड़ी इतनी जल्दी शीर्ष पर नहीं पहुंचा था। सूर्यकुमार यादव के 2022 के टी-20 इंटरनेशनल के प्रदर्शन को देखें, तो उन्होंने 30 मैचों में 1151 रन बनाए। 2 शतक और 9 अर्धशतक जड़ा। सबसे पहले 10 जुलाई, 2022 को सूर्या ने इंग्लैंड के खिलाफ शतक ठोका, जहां उन्होंने 55 गेंदों पर 117 रन बना दिए। फिर 20 नवंबर, 2022 को न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 गेंदों पर 111* रन जड़ दिए। यानी सूर्या ने 2022 में 11 बार 50 से अधिक रनों की पारी खेली। स्ट्राइक रेट 188 का रहा।

भारत के लिए सेकंड डाउन बल्लेबाजी करने वाले सूर्या 2022 में 6 बार नाबाद भी लौटे। 2023 में उन्होंने नाबाद शतक जड़ दिया है। सूर्यकुमार यादव ने बीते साल T-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 105 चौके और 67 छक्के लगाए। पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान 996 रन के साथ दूसरे स्थान पर रहे। सूर्यकुमार 2022 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 1000 से अधिक रन बनाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज रहे। जहां तक बात रही श्रेयस अय्यर की, अनफिट होने के कारण वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट मैच टीम इंडियी की अंतिम ग्यारह से बाहर रहे थे। लेकिन उसके बाद उन्हें बचे हुए 3 टेस्ट मैचों में मौका मिला। पर वह 3 टेस्ट मैचों की 5 पारियों में कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 42 रन ही बना सके। जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 26 रन रहा है। लेकिन चौथे टेस्ट मैच में अय्यर फिर चोटिल हो गए, जिसके कारण वह बल्लेबाजी भी नहीं करने आए।

हकीकत तो यह है कि जब 2011 में सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा के साथ मुंबई की तरफ से खेलते हुए ताबड़तोड़ 73 रन बनाकर ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब जीता था, उसी वक्त वह क्रिकेट प्रेमियों की नजर में आ गए थे। फिर उसी साल रणजी ट्रॉफी में सूर्या सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इसके बावजूद कि घरेलू क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव लगातार झंडे गाड़ रहे थे, बीसीसीआई और चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी तरफ कभी नहीं गया। सूर्यकुमार यादव के 10 साल बर्बाद करने के बाद 2021 में उनका टीम इंडिया में चयन किया गया और इस खिलाड़ी ने टीम में जगह परमानेंट करने के 1 साल के भीतर नंबर वन T-20 बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल कर लिया।

सूर्यकुमार यादव जैसी बल्लेबाजी करते हैं, वैसा क्रिकेट की दुनिया में कभी नहीं देखा गया। उनकी तुलना जरूर एबी डिविलियर्स से की जाती है लेकिन सूर्या के कुछ शॉट्स डिविलियर्स ने भी कभी नहीं खेले। सूर्या आसानी से अपनी फिटनेस के बूते आने वाले 7-8 वर्षों तक भारत के लिए कमाल करके दिखाएंगे। फिलहाल निश्चित है कि एकदिवसीय सीरीज में सूर्यकुमार यादव कंगारू गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाएंगे। टेस्ट सीरीज के 3 मुकाबलों में अवसर ना दिए जाने का हिसाब वनडे सीरीज में लगातार बड़े शॉट्स खेलकर चुकाएंगे।

Related Posts

RCB के इस ऑलराउंडर ने रचाई शादी, वाइफ से नहीं हटेंगी नजरें, बेहद खूबसूरत है इनकी पत्नी

खबर इंडिया की।आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले इंग्लैंड…

1 of 47

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *