मध्य प्रदेश

एमपी में हॉक फोर्स के 28 जवानों को मिला आउट ऑफ टर्न प्रमोशन, बालाघाट में सीएम मोहन ने दी सौगात

उमाकांत त्रिपाठी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बालाघाट जिले के दौरे पर है। वह सुबह करीब 12 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपेड पर पहुंचे। यहां से सबसे पहले सीएम ने शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस लाईन में बने मंच पर पहुंचे।

वह यहां लांजी क्षेत्र अंतर्गत केराझेरी के जंगल में दो कुख्यात नक्सलियों को मारने वाले 28 जवानों (हॉकफोर्स और जिला पुलिस बल) को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

सीएम को मिला गार्ड ऑफ ऑनर
सीएम को बालाघाट पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद मंच पर स्थानीय नेताओं ने सीएम का स्वागत किया। इसके बाद हॉक फोर्स के जवानों को सीएम ने आउट ऑफ टर्न प्रमोशन का फीता लगाया। यहां कुल 28 जवानों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया जाना है। जिन्होंने अदम्य साहस का परिचय देकर दो नक्सलियों को 1 अप्रैल को मार गिराया था। मंच पर डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना, सांसद भारती पारधी, विधायक गौरव पारधी, राजकुमार कर्राहे, मधु भगत, विवेक पटेल, पूर्व विधायक गौरीशंकर बिसेन, भाजपा जिला अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे, भगत नेताम, नपा अध्यक्ष भारती ठाकुर, कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ उपस्थित रहे।

सीएम ने की जवानों की तारीफ
इसके बाद बालाघाट पुलिस की ओर से आयोजित आउट ऑफ टर्न प्रमोशन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराने वाले जवानों की सराहना करते हुए कहा कि जवानों के साथ सरकार खड़ी है। उन्होंने नक्सलियों से मुख्य धारा में जुड़कर सरकार की नक्सल आत्मसमर्पण नीति का लाभ लेने की अपील की। बता दें कि जिले में पहली बार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की जवाबी कार्यवाहियों और प्रशिक्षण पर आधारित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिसमें नक्सल गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस के प्रयासों की फोटो प्रदर्शित की गई।

Related Posts

1 of 20

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *