मध्य प्रदेश

MP का बजट: महिला, किसान, युवा, स्टूडेंट्स, खेल-खिलाड़ी और कर्मचारियों के लिए ये बड़े ऐलान!

उमुाकांत त्रिपाठी। बुधवार यानी 3 जुलाई को मध्य प्रदेश सरकार ने बजट 2024 पेश कर दिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव सरकार का ये पहला बजट है। कुल 3 लाख 65 हजार 67 करोड़ रुपए के इस बजट में महिला, गरीब, किसान, स्वास्थ्य और शिक्षा की योजनाओं पर फोकस किया है। चलिए जानते हैं इस बजट में महिला, किसान, युवा, स्टूडेंट्स, खेल-खिलाड़ियों, कर्मचारी, एससी-एसटी और पुलिसकर्मियों को क्या मिला…

बजट में महिलाओं को क्या मिला?
मोहन सरकार के बजट में महिलाओं के लिए कई घोषणाएं की गई है, लेकिन लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाने का जिक्र फिलहाल नहीं किया गया है.. ‘मुख्यमंत्री-लाडली लक्ष्मी योजना’ के लिए सरकार ने 1231 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं… इसके साथ ही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए 18 हजार 984 करोड़ का प्रावधान किया गया है….11 हजार 706 आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में उन्नत किया जा रहा है…. प्रधानमंत्री जनमन महा अभियान के तहत 217 आंगनवाड़ी भवनों के लिए फिर 100 करोड़ रुपये का प्रावधान है…. महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए 26 हजार 560 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले साल की तुलना में 81 फीसदी ज्यादा है….

बजट में किसानों को क्या मिला?
एमपी के बजट में किसानों को भी कई सौगात दी गई है। किसान सम्मान निधि के लिए 4900 करोड़ का प्रावधान किया गया है। प्रदेश के 10 जिलों में चार लाख हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता बनाई जाएगी और पेयजल मुहैया कराया जाएगा। सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण और मेंटेनेंस के लिए 13 हजार 596 करोड़ रुपए का बजट जारी किया गया है। कोदो कुटकी पर प्रति किलो 10 रुपये का बोनस दिया जाएगा। इसके अलावा मिट्टी सुधार के लिए 50 करोड़ का प्रावधान किया गया है। डिंडौरी में श्री अन्य अनुसंधान केंद्र स्थापित किया जाएगा। उज्जैन में चना और ग्वालियर में सरसों अनुसंधान केंद्र बनेगा। गौशालाओं में पशु आहार उपलब्ध कराने के लिए 250 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है। अब हर रोज 20 की जगह पर 40 रुपये खर्च किए जाएंगे। 0% पर किसानों को लोन देने के लिए 600 करोड़ का प्रावधान किया गया है। अटल कृषि ज्योति योजना के तहत 10 हॉर्स पावर तक के किसानों को ऊर्जा प्रभार में सब्सिडी देने के लिए 11 हजार 65 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

बजट में युवाओं को क्या मिला?
एमपी सरकार के बजट में युवाओं की नौकरी से जुड़ी घोषणाएं की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग में 11 हजार खाली पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें सामान्य शिक्षकों के अलावा संगीत और खेल के शिक्षक भी शामिल हैं। सिवनी, मंदसौर और नीमच में मेडिकल कॉलेज खुलेंगे। सभी 55 जिलों में कम से कम 1 पीएमश्री कॉलेज खोला जाएगा, जिसमें 2 हजार नई भर्तिंयां होंगी। हर जिले के पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के लिए 2 हजार से ज्यादा नई भर्तियां होंगी। पुलिस विभाग में 7 हजार 500 पदों पर भर्तियां होंगी। प्रदेश में 22 नए आईटीआई कॉलेज शुरू किए जाएंगे। सरकारी नौकरी की भर्ती परीक्षा के आवेदन शुल्क को कम करने के लिए नई पॉलिसी बनाई जाएगी। 61 मेगा इंडस्ट्री में 17 हजार नौकरी मिलेंगी। 535 मध्यम और लघु श्रेणी की इंडस्ट्री में 33 हजार नई नौकरियों के मौके मिलेंगे।

बजट में कर्मचारी को क्या मिला?
मोहन सरकार के बजट में कर्मचारियों के लिए बड़े ऐलान किए गए हैं। प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के रिटायर होने के बाद तुरंत भविष्य निधि जीपीएफ मिलेगी। पेंशन स्वीकृत और भुगतान की प्रोसेस को सरल किया जाएगा।

बजट में एससी-एसटी को क्या मिला?
एससी-एसटी को मुख्यधारा में लाने 14,980 करोड़ का प्रावधान किया है। पिछले बजट से इस बार 1 हजार 70 करोड़ ज्यदा है। एससी-एसटी वर्ग के कल्याण के लिए स्कॉलरशिप, छात्रावास निर्माण और रखरखाव सहित अन्य योजनाओं के लिए करोड़ों के प्रावधान किये गए हैं।

पुलिसकर्मियों को क्या मिला?
पुलिसकर्मियों के आवास की समस्या खत्म करने के लिए पुलिस आवास योजना में निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए 367 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

Related Posts

1 of 20

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *