उमाकांत त्रिपाठी। भोपाल के रवींद्र भवन में भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक हो रही है। इस दौरान प्रदेश के सभी 29 सांसदों का अभिनंदन किया गया। बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 80.56 प्रतिशत बूथ पर जीत का रिकार्ड बनाया है। जो 20 प्रतिशत बचे हैं उन पर जीत का संकल्प लेकर कार्य समिति से जाना है।
वीडी ने की कार्यकर्ताओं की तारीफ
वीडी शर्मा ने कहा कि- 7 विधानसभा ऐसी हैं जो विधानसभा में जीते लेकिन लोकसभा में हार गए हैं। इसकी समीक्षा करने की जरूरत है। विंध्य में सिर्फ एक सीट हारे पर बीजेपी का एक प्रतिशत वोट शेयर कम हुआ है। उज्जैन में भी वोट शेयर कम रहा है। इसकी भी समीक्षा करनी होगी। शर्मा ने कहा कि हर बूथ के एक-एक कार्यकर्ता ने मेरा बूथ सबसे मजबूत बनाने का काम किया है। सभी ने संकल्प लिया था कि 29 की 29 सीटें जीतेंगे और बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत रिकॉर्ड बना है। केंद्र सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों से जो लगातार संवाद किए वह हमारी ताकत बने। एमपी सरकार की योजनाओं ने भी इसमें योगदान दिया। इन योजनाओं की ताकत को जमीन पर उतारने का काम बूथ और मंडल के कार्यकर्ताओं ने किया है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
बैठक से पहले सांसद कविता पाटीदार ने मोदी सरकार की तीसरी बार सत्ता में वापसी होने पर प्रस्ताव रखा। जिसका समर्थन डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने किया। इसके बाद पूर्व मंत्री और विधायक अर्चना चिटनिस ने रवींद्र भवन में पत्रकारों से चर्चा की। कहा- प्रस्ताव में बताया कि गरीब, युवा, महिला, किसान की सेवा करने में बीजेपी ने कीर्तिमान स्थापित किया है। जिसके बदले यह सफलता मिली है। जिन्होंने 90 बार संविधान तोड़ा वे संविधान की किताब हाथ में लेकर घूमते रहे। कार्य समिति की बैठक में मोदी सरकार के कामों को बताया गया। कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीसरी बार सत्ता में वापसी का प्रस्ताव रखा। यह प्रस्ताव कार्य समिति की बैठक में रखा। तीसरे टर्म में बीजेपी की मोदी सरकार नया इतिहास रचेगी। बीजेपी का लोकसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन रहा है। केरल जैसे राज्य में बीजेपी को जीत मिली है। तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री बनने के बाद बीजेपी का जनाधार और अधिक बढ़ा है। एमपी में 29 में से 29 सीटें जीतने का रिकार्ड बना है जो कोई तोड़ नहीं पाएगा। इसे बनाए रखने के लिए बीजेपी लगातार काम करेगी।














