उमाकांत त्रिपाठी। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार की प्रशासनिक सर्जरी पर अब सियासत शुरु हो गई है। आपको बता दें कि प्रदेश सरकार ने शनिवार देर रात 26 आईएएस और 21 आईपीएस अधिकारियों की ट्रांसफर लिस्ट जारी की थी। मोहन सरकार के इस बड़े पैमाने पर हुए फेरबदल पर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे।
जीतू पटवारी ने किया था ट्वीट
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने X पर ट्वीट कर लिखा था कि- मोहन यादव जी, क्या उम्मीद की जा सकती है कि मध्य प्रदेश में कानून/व्यवस्था की स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर होगी? गृहमंत्री के रूप में अब आपका परफॉर्मेंस ठीक होगा? अपराधों में कमी आएगी और जनता की परेशानियां भी कम होंगी, लेकिन, क्या ऐसा होगा?
बीजेपी ने दिया ये जवाब
जीतू पटवारी के इन सवालों पर बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने पलटवार किया है… उन्होंने जीतू पटवारी को जवाब देते हुए एक्स पर लिखा- जीतू पटवारी जी, सावन के अंधे को, हरा ही हरा दिखता है! 15 महीने की कमलनाथ सरकार में जिन्होनें सिर्फ तबादला उद्योग ही चलाया हो, उनको प्रशासनिक सुधार और प्रक्रिया क्या समझ आएगी…यह उद्योग तो तब था, जब आपकी सरकार में सुबह आदेश निकलता था और वल्लभ भवन के भ्रष्टाचारी कांग्रेसी दलालों के माध्यम से शाम को आदेश बदल दिया जाता था। मध्यप्रदेश में भाजपा की मोहन सरकार का सुशासन है और जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जाता है। आप तो बस कार्यालय बंद करके अपने रविवार के अवकाश का आनंद लें।
लोकसभा-विधानसभा में कांग्रेस की हार
बहरहाल विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा चुनाव में भी करारी शिकस्त झेल चुकी कांग्रेस अब नए सिरे से संगठन का गठन कर रही है। विधानसभा चुनाव के बाद कार्यकारिणी भंग करने वाले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी लगातार मंथन में जुटे हैं। हाल ही में जीतू पटवारी ने नई कार्यकारिणी को लेकर बड़ा अपडेट दिया था। उन्होंने कहा था कि- जल्द ही प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित की जाएगी।














