उमाकांत त्रिपाठी। हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भजन गायक कन्हैया मित्तल कांग्रेस में शामिल होंगे। वह पंचकूला सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे। हालांकि भाजपा ने यहां से ज्ञानचंद गुप्ता को दोबारा टिकट दिया है।
कन्हैया मित्तल वही गायक हैं, जिन्होंने 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ गाना गाया था। यह गाना काफी फेमस हुआ था। मित्तल अक्सर भाजपा के कार्यक्रमों में नजर आते थे।
कन्हैया मित्तल ने कहा कि मैंने भाजपा से कभी टिकट की उम्मीद नहीं की। हम सभी जगह काम कर सकते हैं। मैं कांग्रेस में शामिल हो रहा हूं। अभी तारीख और समय तय नहीं है। मैं लोगों से अपील करना चाहूंगा कि एक दल को सनातन का प्रतीक न समझें, सनातन हर जगह है।
पढ़िए सवालों के जवाबों में कन्हैया ने क्या कहा
सवाल : आप कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं?
कन्हैया : हां, कब शामिल होंगे यह समय बताएगा। अभी कुछ नहीं कह सकते।
सवाल : भाजपा के मंच पर आप दिखे, भजन गाए, आपकी भाजपा से क्या नाराजगी है?
कन्हैया : मेरी भाजपा के साथ कोई नाराजगी नहीं है। हम सनातन के लिए काम करते आए हैं। सनातन का काम करने के लिए किसी दल की जरूरत नहीं है। हम सनातन का काम किसी के साथ भी कर सकते हैं।
सवाल : सुनने में आ रहा था कि भाजपा आपको टिकट देगी?
कन्हैया : उनके पास तो मुझसे भी अच्छे-अच्छे विकल्प हैं।
सवाल : आपका लास्ट बार भाजपा के साथ अग्रोहा में कार्यक्रम हुआ, मुख्यमंत्री भी साथ थे। टिकट की उम्मीद थी?
कन्हैया : मुझे उम्मीद नहीं थी और न उम्मीद वाली कोई बात थी। काम करने की हर किसी की शैली है। हमें कार्य करना है। हमें लगता है कांग्रेस के साथ मिलकर काम करना चाहिए, मन में है।
सवाल : आपने लोकसभा चुनाव से पहले भजन गाया था ‘जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे’ क्या उस गाने के मायने अब बदले हैं?
कन्हैया : मैंने उस समय भी कहा था कि अगर डॉ. मनमोहन सिंह भी मंदिर बनवाते तो मैं उनके लिए भी गाना गा देता। हमने तो उस शख्स को थैंक्स किया है, जो उस मंदिर के लिए काम कर रहा है। हमने भाजपा के दल या किसी और को थैंक्स नहीं किया। हमने थैंक्स किया योगी जी को, उनकी प्रशंसा सारी दुनिया करती है। हमने अपने सनातन के लिए काम करना है। वो हम कहीं भी कर सकते हैं।
सवाल : कांग्रेस से कोई टिकट मिलने का आश्वासन मिला है?
कन्हैया : ऐसा नहीं है, न ही इस चीज का लोभ है। हम समाज के लिए भी एक मैसेज देना चाहते हैं। एक दल को ही सनातन का प्रतीक न समझा जाए। हम सभी जगह काम कर सकते हैं।
सवाल : अगर कांग्रेस टिकट देना चाहेगी तो लड़ेंगे?
कन्हैया : यह समय बताएगा।
सवाल : कांग्रेस में कब तक जाएंगे कोई तारीख निर्धारित है?
कन्हैया : कोई तारीख फाइनल नहीं है। आज मेरा मेहंदीपुर बालाजी में कार्यक्रम है। फिर देखते हैं।













