उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को झारखंड में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने पहली रैली देवघर में की, इसके बाद वे गोड्डा पहुंचे, जहां उन्होंने झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि-कट मनी के लिए ये लोग एक फर्जी आवास योजना लेकर आए हैं। झामुमो सरकार को उन्होंने माफिया राज और प्रश्नपत्र लीक मामले में लिप्त बताया, साथ ही कहा कि झारखंड में घुसपैठ खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। पीएम ने कहा कि मोदी आपका बिजली का बिल जीरो करने वाला है।
पीएम मोदी ने गोड्डा में रैली को किया संबोधित
गोड्डा में रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा,कि- सालों से यहां की बहनें मुझे लगातार एक बात मुझे जरूर बताती हैं कि मोदी जी आप हमारे लिए जो योजनाएं लाते हैं, यहां JMM, कांग्रेस और RJD वाले उनको लूट लेते हैं। मैंने झारखंड की लाखों बहनों के नाम पर पक्के घर देने के लिए पैसा दिया है। वो पैसा मैं सीधे बहनों के खातों में भेजता हूं। लेकिन यहां की सरकार ये पक्का घर आपको मिलने नहीं दे रही है। ये अपनी ही कोई फर्जी स्कीम लेकर आई, ताकि उसमें इनके लोगों को कट-कमीशन मिल सके।रैली में बोलते हुए उन्होंने कहा,कि- आपका बिजली का बिल जीरो करने वाला है। हम हर घर को सोलर पैनल लगाने के लिए 75 हजार से 80 हजार रुपए देंगे। उससे जो बिजली पैदा होगी, उससे आपका बिजली बिल जीरो होगा और अगर आपके पास जरूरत से ज्यादा बिजली होगी, तो सरकार आपकी बिजली खरीदेगी।
पीएम ने आगे कहा,यहां जिस नेता के घर से नोटों के पहाड़ मिले, उसके परिवार के सदस्य को ही इन्होंने (JMM-कांग्रेस ने) टिकट दे दिया। ये आपके घाव पर नमक छिड़कने का काम किया गया है। ये सोचते हैं कि JMM-कांग्रेस कुछ भी करे, कितनी ही लूट मचाएं, कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। मेरे झारखंड के भाई-बहनों को ही उनके इसी अहंकार और भ्रम को तोड़ना है।पीएम मोदी ने आगे कहा,कि-कांग्रेस, फिर RJD और JMM जैसे दलों ने इस क्षेत्र में लंबे समय तक राज किया है। लेकिन इन्होंने संथाल परगना को सिर्फ पलायन, गरीबी और बेरोजगारी दी है। खुद मुख्यमंत्री इस क्षेत्र से चुनाव लड़ते हैं, लेकिन यहां के लोगों काम के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। जेएमएम के नेतृत्व वाले गठबंधन ने झारखंड के लोगों के लिए बने केंद्रीय फंड को खा लिया, वे आपके लिए बने मुफ्त चावल को खा गए।















