उमाकांत त्रिपाठी। मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर आज दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए की बड़ी बैठक आयोजित की जा रही है। राजधानी के भारत मंडपम में दोपहर 3 बजे शुरू होने वाली इस अहम बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। बैठक में बीजेपी के शीर्ष नेता, केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और गठबंधन के सभी प्रमुख सहयोगी दल शामिल होंगे।
करीब तीन घंटे तक चलने वाली इस बैठक में मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल, उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक बैठक में सरकार के सफल कामकाज और विकास योजनाओं को लेकर एक विशेष प्रस्ताव भी पारित किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस दौरान कार्यकर्ताओं और सहयोगी दलों को संबोधित करेंगे।
बैठक ऐसे समय हो रही है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इस उपलब्धि को लेकर बीजेपी और एनडीए खेमे में उत्साह का माहौल है।
इससे पहले दिल्ली के सेवा तीर्थ में मोदी कैबिनेट की बैठक भी आयोजित की गई, जहां सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर मंत्रियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान किया। बीजेपी नेताओं ने इसे देश के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास देखा है। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इंडिया, गरीब कल्याण और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा इसकी बड़ी मिसाल हैं।
वहीं 12 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने लिखा कि विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने वाला व्यक्ति ही जनता का विश्वास अर्जित कर सकता है।
अब सभी की नजर इस बैठक पर है, जहां से आने वाले समय के लिए एनडीए की राजनीतिक और विकासात्मक रणनीति का संकेत मिल सकता है।














