न्यूज़भारतमनोरंजनहेडलाइंस

मोरे संकट के कटैया हनुमान… गाने वाले नेत्रहीन सिंगर की लौटेगी रोशनी, इस शख्स ने उठाई आंखों के ट्रीटमेंट की जिम्मेदारी

खबर इंडिया की।फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के साथ इसके गाने भी लोगों के बीच चर्चा में हैं। फिल्म का भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान…’ सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस भजन को बुंदेलखंड के सिंगर सुनील लोधी ने अपनी आवाज दी है। गाना वायरल होने के बाद सुनील लोधी भी लोगों के बीच पहचान बनाने लगे हैं।

सुनील लोधी के बारे में जब लोगों को पता चला कि वह बचपन से देख नहीं सकते, तो उनके संघर्ष और गायकी की कहानी ने लोगों का ध्यान खींचा। अब उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने कहा है कि सुनील लोधी की आंखों के इलाज के लिए डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लिया गया है।

ट्रेन में गाया करते थे सुनील लोधी

अनुप्रिया नागर ने सिद्धार्थ कनन के साथ बातचीत में सुनील लोधी से जुड़ी कई बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि सुनील लोधी पहले ट्रेन में गाया करते थे। अनुप्रिया ने उनकी आवाज और भक्ति की तारीफ करते हुए उन्हें ‘गॉड गिफ्टेड’ बताया।

उन्होंने बताया कि सुनील उनके ऑफिस भी आए थे। ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ गाने में बहुत ज्यादा बैकग्राउंड म्यूजिक नहीं है, इसके बावजूद उनकी आवाज में भक्ति साफ महसूस होती है।

अनुप्रिया ने सुनील से कहा था कि वह इंटरनेट सेंसेशन बन गए हैं। इस पर सुनील ने जवाब दिया कि यह उनकी वजह से नहीं बल्कि हनुमान जी की कृपा है।

‘जो हो रहा है, हनुमान जी की कृपा से हो रहा है’

अनुप्रिया के मुताबिक, सुनील लोधी अपनी जिंदगी में आई मुश्किलों को लेकर निराश नहीं रहते। बचपन से आंखों की रोशनी नहीं होने के बावजूद उनकी भक्ति और सकारात्मक सोच उन्हें अलग बनाती है।

सुनील का मानना है कि उनकी जिंदगी में जो कुछ भी हो रहा है, वह हनुमान जी की कृपा से हो रहा है। यही वजह है कि गाना वायरल होने और लोगों से मिल रहे प्यार को भी वह भगवान का आशीर्वाद मानते हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी मिले थे सुनील

अनुप्रिया नागर ने बताया कि सुनील लोधी हाल ही में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी मिले थे। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री की ओर से भी सुनील की आंखों के मेडिकल ट्रीटमेंट को लेकर मदद की बात कही गई थी।

अनुप्रिया ने भी सुनील से उनकी आंखों के इलाज के लिए मदद करने का वादा किया था। अब उन्होंने बताया है कि डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लिया जा चुका है।

मुंबई लौटते ही डॉक्टर से मिलवाएंगी अनुप्रिया

जब अनुप्रिया से पूछा गया कि क्या वह सुनील लोधी को आई स्पेशलिस्ट के पास लेकर गई हैं, तो उन्होंने बताया कि डॉक्टर का अपॉइंटमेंट पहले ही लिया जा चुका है। जैसे ही वह मुंबई वापस आएंगी, सुनील को डॉक्टर के पास लेकर जाएंगी।

अनुप्रिया ने कहा कि सुनील लोगों का प्यार महसूस तो कर सकते हैं, लेकिन उसे देख नहीं सकते। उनकी इच्छा है कि इलाज के बाद सुनील लोगों का प्यार अपनी आंखों से देख सकें।

फिलहाल सुनील लोधी के लिए ‘हनुमान अंश’ का यह गाना सिर्फ लोकप्रियता का जरिया नहीं बना है, बल्कि उनकी जिंदगी में एक नई उम्मीद भी लेकर आया है। अब उनके आंखों के इलाज को लेकर होने वाली आगे की प्रक्रिया पर लोगों की नजर रहेगी।

Related Posts

शादी के 6 महीने बाद छत से कूदी दुल्हन… मौत से पहले मायके किया था फोन, ये कांड चौंका देगा

खबर इंडिया की।गाजियाबाद के मुरादनगर में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को कथित…

1 of 899

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *