इन तीन चीजों को बाकी कपड़ों के साथ धोने की ना करें भूल

इन तीन चीजों को बाकी कपड़ों के साथ धोने की ना करें भूल
कपड़ा

कपड़ों की क्लीनिंग का काम हर घर में रेग्युलर बेसिस पर किया जाता है। बच्चों के स्कूल के कपड़ों से लेकर ऑफिस के कपड़ों व घर की बेडशीट, जींस आदि कई कपड़ो को धोया जाता है। लेकिन क्या आपने कभी नोटिस किया है कि कुछ लोगों के कपड़े कई बार वॉश करने के बाद भी वैसे ही नए जैसे नजर आते हैं, जबकि आपके कपड़े एक से दो बार धोने के बाद ही पुराने व डल नजर आने लगते हैं। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि आप सभी कपड़ों को एक साथ वॉशिंग मशीन में धोने के लिए डाल देते हैं।

हालांकि, कपड़ों को धोने का यह तरीका बिल्कुल भी उचित नहीं है। आपको यह समझना चाहिए कि हर कपड़े का फैब्रिक अलग होता है और ऐसे में उन्हें उनकी जरूरत के अनुसार ही ट्रीट किया जाना चाहिए। अगर आप सभी कपड़ों को एक साथ मशीन में डाल देंगी तो इससे वह साफ तो नहीं होंगे, बल्कि कपड़े और भी ज्यादा डैमेज हो जाएंगे। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे कपड़ों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें अलग से धोया जाना चाहिए।

  1. डेनिम जींस को धोएं अलग

डेनिम जींस एक ऐसा कपड़ा है, जिसे बार-बार धोने की जरूरत नहीं होती है। बार-बार धोने से यह जल्द खराब हो जाता है। इतना ही नहीं, अगर आप इसे धो भी रही हैं तो यह सुनिश्चित करें कि इसे अन्य कपड़ों से अलग धोएं। खासतौर से, डेलीकेट कपड़ों के साथ तो इन्हें धोना बिल्कुल भी उचित नहीं माना जाता है। ऐसा इसलिए भी है, क्योंकि इसमें जिपर लगे होते हैं, जो अन्य डेलीकेट कपड़ों के साथ रगड़ खा सकते हैं और उन्हें नुकसान पहुंचा सकते हैं

  1. सफेद कपड़ों को धोएं अलग

सफेद कपड़ों को मशीन में धोने में कोई समस्या नहीं है। लेकिन अगर आप व्हाइट कपड़ों को मशीन में धो रही हैं और यह चाहती हैं कि उनकी चमक हमेशा यूं ही बनी रहे तो इसके लिए आप कोशिश करें कि आप इन्हें सबसे पहले और अलग ही वॉशिंग साइकल में धोएं। दरअसल, अगर आप इन्हें बाद में धोती हैं, तो पानी गंदा हो जाता है और फिर आपके व्हाइट कपड़े साफ होने के स्थान पर डल हो जाते हैं। इसके अलावा, अगर इन्हें अन्य कपड़ों के साथ धोया जाता है, तो इनके गंदे रह जाने और कलर लगने की संभावना काफी हद तक बढ़ जाती है।

  1. डार्क कलर कपड़ों को धोएं अलग

व्हाइट कपड़ों की तरह ही डार्क कलर कपड़ों को भी अलग से धोना अधिक बेहतर माना जाता है। खासतौर से, अगर आपका कोई कपड़ा ऐसा है, जिसमें से कलर निकलता है तो उसे बिल्कुल भी अपने वॉशि्ांग साइकल में डालने की भूल ना करें। यह कपड़ा आपके अन्य सभी कपड़ों के कलर को खराब कर सकता है। अगर आपने कोई नया कपड़ा खरीदा है तो उसे वॉशिंग साइकल में डालने से पहले एक बार साफ पानी की बाल्टी में उसे भिगोकर देखें। इससे आपको यह पता चल जाएगा कि उस कपड़े से कलर निकल रहा है या नहीं। अगर ऐसा है तो उसे हमेशा ही अलग धोने का प्रयास करें।