बिहारन्यूज़भारतराजनीतिहेडलाइंस

बिहार को मिली बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने किया पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन, मिला ये बड़ा तोहफा

उमाकांत त्रिपाठी। PM Modi Bihar Visit: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर पूर्णिया पहुँचे और क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, नागरिक उड्डयन मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने पूर्णिया एयरपोर्ट का औपचारिक उद्घाटन किया और पूरे परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

पूर्णिया एयरपोर्ट कनेक्टिविटी का नया केंद्र
पूर्णिया एयरपोर्ट अब पूर्वी भारत के प्रमुख हवाई केंद्रों में शामिल हो गया है। कोलकाता के बाद यह पूर्वी भारत का दूसरा और बिहार का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। लगभग 2,800 मीटर लंबा रनवे बड़े विमानों जैसे एयरबस और बोइंग के संचालन के लिए पूरी तरह उपयुक्त है। यह सुविधा क्षेत्र में हवाई यातायात को सुगम बनाएगी और व्यापार व पर्यटन को बढ़ावा देगी। 4,000 वर्ग मीटर में फैला टर्मिनल भवन आधुनिक तकनीकों से लैस है। इसे अगले 40 वर्षों तक बढ़ते यातायात को संभालने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह हवाई अड्डा पूर्णिया के साथ-साथ आसपास के जिलों जैसे कटिहार, किशनगंज, अररिया और सुपौल के लिए भी कनेक्टिविटी का बड़ा केंद्र बनेगा।

भागलपुर में नमामि गंगे परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने भागलपुर जिले में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) और आईएंडडी (इंटीग्रेटेड वाटर प्रबंधन) परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं से गंगा की स्वच्छता और जल आपूर्ति में सुधार होगा। इसके साथ ही भागलपुर जिले के पीरपैंती में 3×800 मेगावाट क्षमता वाली थर्मल पावर परियोजना का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री ने किया। यह परियोजना बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और क्षेत्र की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगी।

सुपौल, कटिहार और दरभंगा में जल आपूर्ति योजनाएँ
प्रधानमंत्री ने सुपौल और कटिहार जिलों में आईएंडडी तथा एसटीपी कार्य की आधारशिला रखी। साथ ही कटिहार, भागलपुर और दरभंगा में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए नई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। ये योजनाएँ ग्रामीण और शहरी इलाकों में स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गृह प्रवेश
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35,000 ग्रामीण और 5,920 शहरी लाभार्थियों को नए घरों में गृह प्रवेश कराया। उन्होंने कहा कि यह योजना आम लोगों की जीवन गुणवत्ता सुधारने का बड़ा प्रयास है।

विकास के साथ चुनावी संदेश
पीएम मोदी का यह दौरा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बिहार में विकास का स्पष्ट संदेश लेकर आया। क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान, आधारभूत ढांचे में सुधार और रोजगार सृजन के लिए की गई घोषणाओं ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है।

Related Posts

शादी के 6 महीने बाद छत से कूदी दुल्हन… मौत से पहले मायके किया था फोन, ये कांड चौंका देगा

खबर इंडिया की।गाजियाबाद के मुरादनगर में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को कथित…

1 of 904

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *