खबर इंडिया की। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बर्थडे पार्टी के दौरान गोली चलने की घटना ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक पर गोली तानने वाली युवती अंशिका कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग रैकेट चला रही थी। उसके मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो और चैट्स मिलने के बाद मामले की परतें खुलती चली गईं।

20 जनवरी को अंशिका अपने दोस्तों के साथ सिंघड़िया मोड़ स्थित मॉडल शॉप के पास जन्मदिन मना रही थी। इसी दौरान एक निजी अस्पताल के मैनेजर से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि अंशिका ने पिस्टल निकाल ली और छीना-झपटी के दौरान गोली चल गई, जो मैनेजर के दोस्त के पेट में लगी। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मौके पर मौजूद लोगों ने अंशिका और उसके साथियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अंशिका के मोबाइल से बड़ी संख्या में आपत्तिजनक वीडियो और कॉल रिकॉर्ड्स बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह लोगों से संपर्क कर वीडियो कॉल करती थी, कॉल को रिकॉर्ड कर लेती थी और फिर पैसों की मांग करती थी। पुलिस का दावा है कि पिछले 5 वर्षों में उसने करीब 150 लोगों को इस तरीके से फंसाया।

जांच में यह भी सामने आया है कि अंशिका ने सोशल मीडिया और मैसेंजर ऐप्स के जरिए कई लोगों से संपर्क किया। आरोप है कि इनमें अयोध्या के एक डीएसपी और गीडा थाना क्षेत्र के थाना प्रभारी समेत 12 से ज्यादा पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। मोबाइल डेटा की जांच में कुछ पुलिसकर्मियों के साथ फोटो और वीडियो मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

खोराबार थाना क्षेत्र के निवासी विशाल मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अंशिका और उसका साथी पहले अस्पताल आए थे, जहां से उनका मोबाइल नंबर लिया गया। बाद में पिस्टल दिखाकर पैसे मांगे गए और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। डर के कारण उन्होंने रकम दी, लेकिन बाद में मांग बढ़ती चली गई।

अंशिका मूल रूप से हरपुरबुदहट की रहने वाली बताई जा रही है और सिंघड़िया में किराए पर रहती थी। महंगे रहन-सहन और लगातार पैसों की जरूरत के कारण परिवार से दूरी बन गई थी। पुलिस उसके साथी बंटी वर्मा समेत अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

फिलहाल अंशिका को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल्स और लेन-देन के साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।













