दुनिया के सबसे बड़े अरबपति और अमेजन कंपनी सीईओ जेफ बेजोस अपने बचपन का सपना साकार करने जा रहे हैं. इसके लिए वो अंतरिक्ष की यात्रा पर रवाना होंगे. बेजोस अपनी कंपनी ‘ब्लू ओरिजिन’ के रॉकेट से 20 जुलाई को अंतरिक्ष यात्रा पर रवाना होंगे. जिस स्पेसशिप में वो रवाना होंगे, उसमें उनके ठीक बगल वाली सीट की नीलामी हुई है.
आपको बता दें कि इसी सीट पर बैठकर अंतरिक्ष की सैर के लिए कुछ घंटे पहले बाकायदा बोली लगाई गई. इस स्पेसशिप की साइड सीट हासिल करने के लिए एक शख्स को करीब 2 अरब 5 करोड़ रुपये चुकाने पड़े.
न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक नीलामी से हासिल हुई ये सीट किसने खरीदी है, अभी उस शख्स के नाम का खुलासा नहीं हुआ है. बीते शनिवार इस सीट के लिए लाइव ऑक्शन शुरू होने के 5 मिनट के भीतर 20 मिलियन डॉलर तक की बोलियां लग गईं थीं. हांलाकि नीलामी शुरू होने के 7 मिनट बाद इस बिडिंग को बंद करना पड़ा. विजेता की पहचान गुप्त रखी गई है लेकिन माना जा रहा है किसी धनकुबेर और स्पेस वर्ल्ड में दिलचस्पी रखने वाले शख्स ने ही चंद मिनटों के सफर के लिए अरबों रुपये खर्च किए होंगे.















