क्रिकेट

धोनी अंतिम ओवर में बैटिंग करने आए, उस वक्त सिर्फ जिओ सिनेमा के जरिए ही 1.70 करोड़ लोग मैच लाइव देख रहे थे

थाला की कप्तानी में लखनऊ को 12 रन से हराकर चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2023 की पहली जीत हासिल कर ली है। जीत के बाद मुकाबले में कमेंट्री कर रहे चिन्ना थाला और थाला की गले मिलती हुई तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी CSK ने पहली दफा पावरप्ले में ही बगैर विकेट खोए 80 का आंकड़ा छू लिया। कीवी बल्लेबाज डेवॉन कॉन्वे और ऋतुराज गायकवाड़ ने लखनऊ के गेंदबाजों का धागा खोल दिया। इस बीच कप्तान केएल राहुल से एक गलती हुई। उन्होंने रवि बिश्नोई को 10वें ओवर तक बचा कर रखा। जैसे ही बिश्नोई के ओवर की पहली गेंद आई, ऋतुराज बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बल्ले का मोटा किनारा शॉर्ट थर्डमैन फील्डर को दे बैठे। उन्होंने 31 गेंद पर 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। 2 मुकाबलों में 149 रन के साथ ऋतुराज ने ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया। चेन्नई को 110 के स्कोर पर पहला झटका लगा।
11वें ओवर की दूसरी गेंद पर मार्क वुड के खिलाफ कॉन्वे ने पुल करने का प्रयास किया लेकिन टाइमिंग मिस कर गए। डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग से अंदर दौड़ते हुए क्रुणाल पांड्या ने डाइव लगाने के साथ अविश्वसनीय कैच पकड़ लिया। 29 गेंद पर 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 47 रन बनाकर कॉन्वे पवेलियन लौट गए। 118 के स्कोर पर चेन्नई का दूसरा विकेट गिरा। यहां से बल्लेबाजों को आक्रामक खेल दिखाने की दरकार थी। फर्स्ट डाउन बल्लेबाजी करने आए शिवम दुबे ने 16 गेंद पर 3 छक्कों और 1 चौके की मदद से 27 रन बनाए। शुरुआत में डूबे जरूर फंसे हुए नजर आ रहे थे लेकिन बाद में उन्होंने रवि बिश्नोई के खिलाफ ही आक्रामक अंदाज दिखाया। हालांकि रवि बिश्नोई को हैट्रिक छक्का मारने के प्रयास में वह शॉट थर्डमैन फील्डर को कैच दे बैठे। अंत में अंबाती रायडू ने 192 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 27 रन ठोक दिए।
बाकी सब तो ठीक था, लेकिन इस पारी में असली महफिल लूटी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान और चेपॉक के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी ने। 1426 दिनों बाद वापस चेन्नई में खेलने आए धोनी ने मार्क वुड के 20वें ओवर में लगातार 2 छक्के जड़ दिए। दूसरी गेंद 148 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से थी। जिस पर धोनी ने करारा स्लैश किया और वह शॉर्ट थर्डमैन फील्डर के ऊपर से निकल गई। अगली गेंद भी लगभग उसी रफ्तार से आई, लेकिन माही ने इस शॉर्ट बॉल को पुल शॉट के जरिए डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग बाउंड्री के बाहर गगनचुंबी छक्के के लिए भेज दिया। स्टेडियम में भौकाल हो गया। हालांकि अगली गेंद पर टाइमिंग मिस हुई और धोनी डीप कवर फील्डर को कैच दे बैठे।
माही ने IPL के 20वें ओवर में 277 गेंद खेली हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 49 चौके और 55 छक्के आए हैं। महेंद्र सिंह धोनी के अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज यह कारनामा नहीं कर सका। जिस वक्त धोनी अंतिम ओवर में बैटिंग करने आए, उस वक्त सिर्फ जिओ सिनेमा के जरिए ही 1.70 करोड़ लोग मैच लाइव देख रहे थे। इस सीजन में पहली दफा ऑनलाइन व्यूअरशिप का आंकड़ा इतना ज्यादा पहुंचा। यूं ही माही को G.O.A.T यानी ग्रेटेस्ट आफ ऑल टाइम नहीं कहा जाता। 20 ओवर में 217 पर 7…! LSG खिलाड़ियों के झुके हुए कंधे देखकर अनुमान लगाया जा रहा था कि चेन्नई यह मैच आसानी से अपने नाम कर लेगी। पर CSK ही आउट ऑफ फॉर्म गेंदबाजी को लेकर थोड़ा संदेह भी हो रहा था।
लखनऊ के ओपनर काइल मेयर्स ने लगातार दूसरे मैच में धागा खोल दिया। 22 गेंद पर 240 की स्ट्राइक रेट से 8 चौके और 2 छक्के…! अगर मोईन अली के छठे ओवर की तीसरी गेंद पर मेयर्स घुटनों पर बैठकर स्लॉग स्वीप करने के प्रयास में डीप मिडविकेट फील्डर को कैच नहीं देते, तो निश्चित तौर पर चेन्नई मैच हार जाती। 4 ओवर में सिर्फ 26 रन देकर 4 विकेट चटकाते हुए मोईन अली ने चेन्नई को मुकाबले में वापस ला दिया। मोईन अली मुकाबले के असली गेम चेंजर साबित हुए। उन्होंने काइल मेयर्स, केएल राहुल, क्रुणाल पंड्या और मार्कस स्टोइनिस जैसे ताबड़तोड़ बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। अंत में निकोलस पूरन और आयुष बडोनी ने गेम चेंज करने की कोशिश की लेकिन तुषार देशपांडे ने दोनों को पवेलियन की राह दिखा दी। उन्होंने एक्ट्राज के रूप में जरूर कुछ वाइड गेंदे और नो बॉल डाले। जिस पर पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरिमनी में धोनी ने मजाकिया अंदाज में कहा भी कि अगर 2 बार कहने के बावजूद गेंदबाज नहीं सुधरेंगे तो उन्हें दूसरा कप्तान ढूंढना होगा। मजाक के इतर CSK ने LSG को निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 205 के स्कोर पर रोक लिया और 12 रनों से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।

Related Posts

RCB के इस ऑलराउंडर ने रचाई शादी, वाइफ से नहीं हटेंगी नजरें, बेहद खूबसूरत है इनकी पत्नी

खबर इंडिया की।आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले इंग्लैंड…

1 of 47

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *