उमाकांत त्रिपाठी।देश में चुनावी सरगर्मी है। भाजपा 2 मार्च को 195 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर चुकी है। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और शिवराज सिंह चौहान के नाम हैं। अगले 10 दिन में लोकसभा चुनावों का ऐलान हो सकता है। इससे पहले मंगलवार 5 मार्च को गुजरात कांग्रेस के पूर्व प्रमुख अर्जुन मोढवाडिया ने भाजपा का दामन थाम लिया।
मोढवाडिया ने दिया इस्तीफा
मोढवाडिया ने 4 मार्च को कांग्रेस और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। मोढवाडिया के साथ कांग्रेस के वर्किंग प्रेसिडेंट रहे अंबरीश डेर ने भी भाजपा जॉइन कर ली।
वहीं, कलकत्ता हाईकोर्ट के जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय ने भी 5 मार्च को पद से इस्तीफा दे दिया। इसके कुछ घंटे बाद जस्टिस गंगोपाध्याय ने भाजपा जॉइन करने की घोषणा कर दी। वे 7 मार्च को भाजपा में हो सकते है शामिल।
बीजेपी में शामिल होंगे जस्टिस गंगोपाध्याय
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जस्टिस गंगोपाध्याय ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी है। भास्कर को मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा जस्टिस गंगोपाध्याय को तामलुक से चुनाव लड़ा सकती है।
इस बीच, वाराणसी से कांग्रेस सांसद रहे राजेश कुमार मिश्रा भी भाजपा में आ गए। मिश्रा को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में अरुण सिंह, रविशंकर प्रसाद और अनिल बलूनी ने पार्टी में शामिल किया।
गांधीनगर में दोनों नेताओं को भाजपा पार्टी में किया गया शामिल
गुजरात भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल ने अर्जुन मोढवाडिया और अंबरीश डेर को राज्य पार्टी मुख्यालय कमलम में आयोजित समारोह में पार्टी में शामिल किया। मोढवाडिया और डेर ने 4 मार्च को राम मंदिर के उद्घाटन में न जाने के कांग्रेस के फैसले को पार्टी छोड़ने की वजह बताया था।
बड़ी बात ये कि दोनों नेताओं ने पार्टी छोड़ने का ऐलान उस वक्त किया, जब 3 दिन बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुजरात पहुंचने वाली है। गुजरात में कुछ दिन पहले कांग्रेस के राज्यसभा मेंबर और पूर्व केंद्रीय मंत्री नारण भाई राठवा बेटे और कई समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे।
गुजरात के बड़े नेताओं में शामिल हैं मोढवाडिया
अर्जुन मोढवाडिया (67) करीब 40 साल कांग्रेस से जुड़े रहे। वे पोरबंदर से आते हैं। वे गुजरात के कांग्रेस प्रमुख और विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे। 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में मोढवाडिया ने भाजपा के कद्दावर बाबू बोखिरिया को हराया था।
गुजरात विधानसभा में 182 सीटें हैं। मोढवाडिया के विधायकी छोड़ने के बाद विधानसभा में कांग्रेस के पास 14 MLA रह गए हैं। उनसे पहले दिसंबर में चिराग पटेल और जनवरी में सीजे चावड़ा ने विधायक (कांग्रेस के) पद छोड़ा था।
वहीं, अंबरीश डेर (46) अमरेली की राजुला सीट पर 2017-22 तक विधायक (कांग्रेस) रहे थे। अंबरीश ने तब भाजपा के कद्दावर नेता हीरा सोलंकी को हराया था। हीरा, गुजरात में मंत्री परषोत्तम सोलंकी के छोटे भाई हैं। 2022 में गुजरात चुनाव से पहले अंबरीश को कांग्रेस का वर्किंग प्रेसिडेंट बनाया था।
जस्टिस गंगोपाध्याय बोले
जस्टिस गंगोपाध्याय ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है, जो बंगाल में TMC के भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रही है। ये भाजपा नेतृत्व तय करेगा कि वे मुझे लड़ाना चाहते हैं। वे जो भी तय करेंगे, मुझे स्वीकार होगा।उन्होंने ये भी कहा कि पश्चिम बंगाल में TMC के दिन अब गिनती के रह गए हैं। 2009 के लोकसभा चुनावों में CPI(M) के नेतृत्व वाले लेफ्ट का सफाया हो गया था। आखिरकार 2011 के विधानसभा चुनावों में उनकी हार हुई। TMC का भी यही हश्र होगा।














