उमाकांत त्रिपाठी। इंदौर में शनिवार को 51 लाख पौधे लगाने के महाअभियान की शुरुआत हुई। इसे लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इसकी प्रेरणा उन्हें हनुमान जी ने ही दी है। विजयवर्गीय के मुताबिक उन्हें हनुमान जी ने कहा कि एक करोड़ पेड़ ज्यादा हो जाएंगे, इसलिए 51 लाख पेड़ लगाने का संकल्प लिया।
हनुमान जी ने कहा- ज्यादा हो जाएंगे
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- ‘हमने संकल्प लिया कि इस शहर का टेम्प्रेचर कम से कम 5 डिग्री कम करेंगे और हर साल 51 लाख पेड़ लगाएंगे। मुझे कहते हुए गर्व है कि मैंने यहीं संकल्प लिया। हनुमान जी के सामने। मैंने कहा हनुमान जी 1 करोड़ पेड़ लगाए तो उन्होंने बोला मन ही मन में.. कि ज्यादा हो जाएंगे जरा.. तो फिर मैंने 51 लाख का संकल्प लिया। पता नहीं कहां से हनुमान जी ने प्रेरणा दी।’ इंदौर में शनिवार को पितृ पर्वत पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ से आयोजित कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ ही डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल समेत बड़ी संख्या में साधु-संत मौजूद रहे।
टेम्प्रेचर है बड़ी समस्या
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर में पहले 36-38 डिग्री तक का तापमान हुआ करता था। मालवा में कभी भी 40 से अधिक टेम्प्रेचर नहीं हुआ। लेकिन इस बार 48 डिग्री पहुंच गया। यह बड़ी समस्या है। मैनें तभी संकल्प लिया और कहा कि 5 साल में 5 डिग्री टेम्प्रेचर कम करना है। विजयवर्गीय ने कहा- इंदौर में हर साल 51 लाख पेड़ लगाने के बाद यहां 5 डिग्री तक तापमान कम होगा। यह संकल्प संतों और आम लोगों के सहयोग के बिना पूरा नहीं हो सकता है, लेकिन यह संकल्प जरूर पूरा होगा।
पीएम मोदी ने भी की तारीफ
हमारे लिए 51 लाख गड्ढे करने का बड़ा चैलेंज था। लेकिन अब तक 48 लाख गड्डे हो चुके हैं। अभी तक 9 लाख 20 हजार पेड़ असम में लगे है। लेकिन अब 14 तारीख को गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में एक ही दिन में 11 लाख पेड़ लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। बता दें कि इस महाअभियान के तहत पितृ पर्वत पर 11 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पत्र जारी कर कैलाश विजयवर्गीय की तारीफ की है। उन्होंने लिखा कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में वृक्षारोपण अभियान के बारे में जानकर प्रसन्नता हुई। ये ‘क्लीन’ के साथ ‘ग्रीन’ होने की दिशा में बड़ा कदम है।














