उमाकांत त्रिपाठी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में मां के नाम से आंवले का पौधा रोपा। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की। सीएम ने कहा, ‘प्रदेशभर में साढ़े पांच करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। भोपाल-जबलपुर में 12-12 लाख, इंदौर में 14 जुलाई तक 51 लाख पौधे लगाने का संकल्प है।’
10 बेटों के बराबर एक पेड़
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘वृक्ष की वेदों में महत्ता बताई गई है। 10 कुंओं के बराबर एक बावड़ी, 10 पौधे बराबर एक बावड़ी, 10 पुत्रों के बराबर एक वृक्ष की मान्यता है। देश का 35 प्रतिशत वन हमारे मध्यप्रदेश में है। हर व्यक्ति एक पेड़ अपनी मां के नाम पर लगाए।’ जंबूरी मैदान में हुए कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, राज्यमंत्री राधा सिंह, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी, महापौर मालती राय, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी भी मौजूद रहे। मंडला में पूर्व केंद्रीय मंत्री और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने पौधरोपण किया। उन्होंने मंडला सर्किट हाउस में पौधा लगाया।
इन दिग्गजों ने भी लगाए पौधे
प्रदेश के दूसरे जिलों में भी मंत्री, सांसद, विधायकों, अधिकारियों ने पौधे रोपे भोपाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर जंबूरी मैदान में पौधे लगाए गए। पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने भोपाल में आदमपुर छावनी में पौधे लगाए। यहां 15 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य है।इंदौर के पितृ पर्वत पर मंत्री तुलसी सिलावट ने पौधा रोपा। साथ में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सीधी सांसद राजेश मिश्रा ने भी पौधे लगाए। नर्मदापुरम में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने बेटी अंजू, बहू रोमा के साथ पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि हरी-भरी धरा, हरा-भरा देश, स्वच्छ प्रकृति मां हो, इसलिए पेड़ जरूर लगाएं। जबलपुर में कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना ने मां और पत्नी के साथ पौधारोपण किया। कलेक्टर ने मां गंगा के नाम पर नीम का पौधा रोपा।














