उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे ‘पीएम विश्वकर्मा’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहीं, पीएम मोदी आचार्य चाणक्य कौशल विकास योजना और पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर महिला स्टार्ट-अप योजना का भी शुभारंभ करेंगे।पिछले एक महीने में मोदी का यह दूसरा महाराष्ट्र दौरा है। वह 30 अगस्त को महाराष्ट्र के पालघर गए थे। तब उन्होंने छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा गिरने के मामले पर माफी मांगी थी। साथ ही 76 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया था।
महाराष्ट्र में है पीएम मोदी के 3 प्रोग्राम …
1. वर्धा में पीएम विश्वकर्मा कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम शुक्रवार सुबह 11 बजे के बाद महाराष्ट्र के वर्धा पहुंचेंगे। यहां वह पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और लोन जारी करेंगे। साथ ही वह इसके एक साल पूरे होने अवसर पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी करेंगे।
2. अहिल्याबाई होल्कर महिला स्टार्ट-अप योजना का शुभारंभ करेंगे प्रधानमंत्री महाराष्ट्र सरकार की आचार्य चाणक्य कौशल विकास केंद्र योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके जरिए 15 से 45 साल के युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। राज्य में करीब डेढ़ लाख युवाओं को हर साल मुफ्त कौशल विकास प्रशिक्षण मिलेगा।
पीएम मोदी पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर महिला स्टार्टअप योजना का भी शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत महाराष्ट्र में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप को शुरुआती दौर में मदद की जाएगी। इस योजना के तहत 25 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
3. ‘पीएम मित्र’ पार्क की आधारशिला रखेंगे पीएम अमरावती में पीएम मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल (पीएम मित्र) पार्क की आधारशिला रखेंगे। इसे करीब 1000 एकड़ में बनाया जाएगा। भारत सरकार ने कपड़ा उद्योग के लिए 7 पीएम मित्र पार्क स्थापित करने की मंजूरी दी थी। पीएम मित्र पार्क को कपड़ा बनाने और इसे निर्यात करने के मकसद से बनाया जा रहा है।
30 अगस्त को मोदी ने वधावन पोर्ट का उद्घाटन किया
पालघर में पीएम मोदी ने सिडको ग्राउंड में 30 अगस्त को 76 हजार करोड़ के कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया था। इसमें वधावन पोर्ट प्रोजेक्ट भी शामिल है। मोदी ने उद्घाटन करने के बाद कहा- महाराष्ट्र का विकास मेरी बहुत बड़ी प्राथमिकता है। आज भारत की प्रगति में महाराष्ट्र बहुत बड़ी भूमिका निभा रहा है, लेकिन यह दुर्भाग्य है कि महाराष्ट्र विरोधी दलों ने आपके विकास पर हमेशा ब्रेक लगाने की कोशिश की।मोदी ने कहा- हमारे देश को वर्षों से दुनिया के साथ व्यापार के लिए एक बड़े और आधुनिक पोर्ट की जरूरत थी, इसके लिए महाराष्ट्र का पालघर ही सबसे उपयुक्त जगह है, लेकिन इस प्रोजेक्ट को 60 वर्षों तक लटका कर रखा गया। इतने जरूरी काम को कुछ लोग शुरू नहीं होने दे रहे थे।















