उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों लगातार बिहार का दौरा कर रहे हैं. झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से समय निकालकर प्रधानमंत्री पिछले तीन दिनों में दूसरी बार बिहार आ रहे हैं. 15 नवंबर यानी कल जमुई जिले में एक समारोह में हिस्सा लेंगे. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि प्रधानमंत्री का जमुई जिले के जिस गांव में आगमन हो रहा है, वह गांव अपने आप में बेहद खास है. पिछले 5 सालों में तीसरी बार ऐसा हुआ है जब प्रधानमंत्री रहते नरेंद्र मोदी जमुई जिला के खैरा प्रखंड स्थित बल्लोपुर गांव आएंगे. ऐसे में कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी का बल्लोपुर गांव से एक खास कनेक्शन है और यहां के लोग भी प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर काफी उत्सुक दिखाई दे रहे हैं.
पहली बार वर्ष 2019 में आए थे पीएम मोदी
आपको बता दें कि- प्रधानमंत्री वर्ष 2019 के अप्रैल महीने में पीएम नरेंद्र मोदी का पहली बार बल्लोपुर गांव में आगमन हुआ था तथा दूसरी बार भी 2024 के अप्रैल महीने में ही प्रधानमंत्री मोदी यहां आए थे. ऐसे में 6 महीने के बाद अब तीसरी बार प्रधानमंत्री मोदी बल्लोपुर गांव में आने वाले हैं. यहां के लोगों में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर काफी उत्सुक हैं और अच्छा लग रहा है कि प्रधानमंत्री जब भी जमुई आते हैं, तब हमारे गांव बल्लोपुर ही आते हैं. इससे पहले इस गांव में कोई भी प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री स्तर का नेता भी नहीं आया था. लेकिन, पीएम के आने के बाद यहां लगातार देश भर के बड़े राजनयिका जुटते हैं. इस बार भी पीएम आ रहे हैं जिसे लेकर हम लोगों में उत्साह है.
प्रशासनिक तैयारियां भी कर ली गई है पूरी
ग्रामीणों ने बताया कि- पीएम के आगमन को लेकर पूरे गांव की बैरिकेडिंग कर दी जाती है. वहीं बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती कर दी जाती है. लोगों के बेवजह बाहर निकलने पर भी रोक लगाई जाती है. लेकिन, अब हमें इन सब चीजों की आदत हो गई है. पीएम के आगमन को लेकर इस बार भी गांव में ऐसा ही हुआ है और लगातार पुलिस के पहरे के बीच इस गांव के लोग रहते हैं. पुलिस के द्वारा गांव में फ्लैग मार्च किया जाता है. वहीं प्रशासन के द्वारा कार्यक्रम स्थल तक जाने के लिए रास्ता इत्यादि का निर्माण भी गांव के खेतों से होकर ही किया गया है. लेकिन, पीएम के आगमन के उत्साह में लोगों ने अपने खेतों से होकर रास्ता बनाने की इजाजत भी दे दी है. गांव के लोगों का कहना है कि- देश के मुखिया हमारे गांव में पधार रहे हैं, इससे बढ़कर हमारे लिए और क्या हो सकता है. ग्रामीणों ने बताया कि हम लोग हरहाल में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभा स्थल पर भी जाएंगे.















