उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को होने वाले एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में तमिलनाडु के रामेश्वरम में रामनवमी के अवसर पर पूजा-अर्चना के साथ रामनाथस्वामी मंदिर का दौरा करेंगे। बता दें, रामनाथस्वामी मंदिर रामेश्वरम में स्थित एक प्राचीन मंदिर है और यह भगवान शिव की पूजा के लिए समर्पित है। यह मंदिर बारह ज्योतिर्लिंग मंदिरों में से एक है।माना जाता है कि- महाकाव्य रामायण के काल में रावण के साथ युद्ध के बाद भगवान राम ने पीठासीन देवता भगवान शिव की पूजा यहीं की थी। ऐसे में अगर आप भी लंबे समय से इस मंदिर के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं तो पहले मंदिर से जुड़ी जानकारी जान लीजिए। साथ ही जानते हैं मंदिर तक कैसे पहुंचा जा सकता है।
आइए जान लें मंदिर के बारे में
रामनाथस्वामी मंदिर में मुख्य देवता भगवान रामनाथस्वामी लिंगम के रूप में विराजमान हैं। मंदिर के गर्भगृह में दो लिंगम हैं। बता दें, इस मंदिर का गलियारा दुनिया के किसी भी हिंदू मंदिर में सबसे लंबा माना जाता है। इस मंदिर में 22 पवित्र तालाब हैं, जहां भक्त स्नान करते हैं, जिनमें अग्नि तीर्थम सबसे महत्वपूर्ण है। इसी के साथ मंदिर में राम, सीता, लक्ष्मण और विभीषण की मूर्तियां भी स्थापित हैं।
चार धाम तीर्थयात्रा का हिस्सा है मंदिर
रामनाथस्वामी मंदिर चार धाम तीर्थयात्रा का भी एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिसमें रामेश्वरम के अलावा बद्रीनाथ, द्वारका और पुरी भी शामिल हैं। बता दें, चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन जल्द ही ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से शुरू किए जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 60 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन और 40 प्रतिशत ऑफलाइन होंगे।
जानिए-रामनाथस्वामी मंदिर में कितने बजे से भक्त कर सकते हैं दर्शन
रामनाथस्वामी मंदिर में भक्त सुबह 5:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक दर्शन कर सकते हैं। यह दर्शन करने का पहला सत्र है। इसके बाद दूसरे सत्र में शाम 3:00 बजे से रात 9:00 बजे तक दर्शन करने की अनुमति दी गई है। अगर आप मणि दर्शन करना चाहते हैं तो इसकी अनुमति सुबह 4:30 – 5:00 बजे तक दी गई है।
जानें- मंदिर का ड्रेस कोड
रामनाथस्वामी मंदिर में प्रवेश करने के लिए किसी विशेष ड्रेस कोड को लागू नहीं किया गया है, लेकिन मंदिर की परंपराओं के सम्मान के तौर पर ऊपरी बाहों और पैरों को ढकने वाले परिधान पहनने का सुझाव दिया जाता है। वहीं ऐसी कपड़े पहनने से परहेज करें जो आपत्तिजनक हों।
इस मंदिर में मनाए जाते हैं ये विशेष त्योहार
रामनाथस्वामी मंदिर में महाशिवरात्रि बहुत धूमधाम से मनाई जाती है। मंदिर में वसंतोर्चवम (Vasanthorchavam), थिरु कल्याणम (Thiru Kalyanam) और नवरात्रि जैसे त्योहार भी मनाए जाते हैं। इसी के साथ अगर आप इस मंदिर में आ रहे हैं तो मंदिर परिसर के 22 कुंडों में स्नान करना न भूलें। इसे काफी पवित्र माना गया है।















