खबर इंडिया की। आगरा में 34 साल की एक फैशन डिजाइनर की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मरने से पहले युवती ने दो वीडियो रिकॉर्ड किए, जिनमें वह रोते हुए एक पुलिस सिपाही पर गंभीर आरोप लगा रही है। युवती का आरोप था कि सिपाही ने उसका शोषण किया और जब उसने थाने में शिकायत करने की कोशिश की तो उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
View this post on Instagram
वीडियो में युवती कहती है कि वह पिछले चार साल से सिपाही जेंटर बाबू उर्फ जेबी गौतम के साथ पत्नी की तरह रह रही थी। लेकिन जब उसने शादी की बात की तो सिपाही ने साफ इनकार कर दिया। युवती का कहना था कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि जब वह ताजगंज थाने में शिकायत करने पहुंची तो पुलिस ने कहा कि मुकदमा करोगी तो तुम ही परेशान होगी।
वीडियो में युवती सवाल करती है कि क्या लड़कियों के लिए कोई कानून नहीं है? वह कहती है कि जिन लोगों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है, अगर वही मदद न करें तो फिर इंसाफ कहां मिलेगा।
पुलिस के मुताबिक, फैशन डिजाइनर और सिपाही पिछले चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। युवती शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन सिपाही इसके लिए तैयार नहीं था। इसी तनाव के बीच बुधवार रात युवती अपने बहन के घर में फंदे से लटकी मिली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सिपाही जेबी गौतम के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का केस दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।













