खबर इंडिया की। मध्यप्रदेश के जबलपुर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के बीच बहस छेड़ दी है। मामला शहर के प्रसिद्ध और धार्मिक महत्व वाले गौरीघाट का है, जहां नर्मदा नदी के बीच एक युवक और युवती को आपत्तिजनक हरकतें करते हुए देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
View this post on Instagram
बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार शाम की है। वायरल वीडियो में युवक और युवती नदी के बीच पानी में एक-दूसरे के बेहद करीब नजर आ रहे हैं। दोनों ने कथित तौर पर सार्वजनिक स्थान पर Kiss किया और काफी देर तक एक-दूसरे से चिपककर पानी में समय बिताया। घाट पर मौजूद लोगों ने जब उनकी हरकतें देखीं तो उन्हें बाहर आने और ऐसा व्यवहार बंद करने के लिए कहा, लेकिन दोनों ने किसी की बात नहीं सुनी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक और युवती लगातार नदी के बीच में ही बने रहे। स्थिति को देखते हुए कुछ लोगों ने गौरीघाट पुलिस और होमगार्ड को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और दोनों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
होमगार्ड सैनिक राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि जब टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब युवक और युवती नदी के काफी अंदर मौजूद थे। पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों अपने कुछ दोस्तों के साथ गौरीघाट घूमने और स्नान करने आए थे। हालांकि, बाद में वे समूह से अलग होकर नदी के बीच चले गए।
इस घटना का एक और चिंताजनक पहलू सामने आया। होमगार्ड जवानों के मुताबिक, युवती को तैरना भी नहीं आता था। इसके बावजूद युवक उसे नदी के बीच तक लेकर चला गया था। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। अगर संतुलन बिगड़ता या पानी का बहाव तेज होता, तो दोनों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
सुरक्षा कर्मियों ने दोनों को बाहर निकालने के बाद कड़ी फटकार लगाई। उनके परिजनों को भी मामले की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही या सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित व्यवहार दोबारा नहीं होना चाहिए।
घटना के बाद वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मामला बता रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग धार्मिक स्थल पर इस तरह के व्यवहार को अनुचित ठहरा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गौरीघाट केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि नर्मदा नदी के किनारे स्थित एक प्रमुख धार्मिक और आस्था का केंद्र है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-पाठ, स्नान और धार्मिक अनुष्ठान करने पहुंचते हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भी लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकतें लोगों की भावनाओं को आहत कर सकती हैं।
फिलहाल पुलिस और होमगार्ड अधिकारियों ने मामले में दोनों युवाओं को समझाइश देकर छोड़ दिया है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। साथ ही प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी और घाटों पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की ऐसी गतिविधियों से बचें, जो हादसे या विवाद की वजह बन सकती हैं।
अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग इसे लेकर अपनी-अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं। लेकिन इस पूरे मामले ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर जिम्मेदार व्यवहार और नदी में सुरक्षा के महत्व को लेकर चर्चा शुरू कर दी है।














