खबर इंडिया की। उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला एक बर्थडे पार्टी के दौरान आयोजित रागनी कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जहां हरियाणा की डांसर डिम्पल चौधरी पर मंच पर प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से अभद्र हरकत की गई।
View this post on Instagram
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यक्रम के दौरान एक युवक स्टेज के करीब पहुंचता है। आरोप है कि उसने डांसर के साथ अनुचित तरीके से छूने की कोशिश की। जैसे ही डांसर को इस हरकत का एहसास हुआ, उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए युवक को थप्पड़ जड़ दिया। यह पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के कैमरों में कैद हो गई।
बताया जा रहा है कि पीड़िता डिम्पल चौधरी ने भी घटना का वीडियो अपनी सोशल मीडिया आईडी पर साझा किया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि कार्यक्रम बिना आवश्यक अनुमति के आयोजित किया गया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित आरोपी सुरेश पाल को गिरफ्तार कर लिया। उस पर डांसर के साथ अभद्र व्यवहार और बैड टच करने का आरोप है।
इसके अलावा, बिना अनुमति रागनी कार्यक्रम आयोजित कराने के आरोप में देवेंद्र पाल और श्रीपाल को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। वहीं, डांसर द्वारा मौके पर ही विरोध दर्ज कराने की भी चर्चा हो रही है।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।














