दिल्लीन्यूज़भारतराजनीतिहेडलाइंस

‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ से निकलकर तेज विकास की राह पर बढ़ा देश.. NDA बैठक में पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला

उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बैठक में देश के विकास, आर्थिक सुधारों और बुनियादी ढांचे में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के बाद आयोजित इस बैठक में मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने तेज विकास की नई गति हासिल की है और अब भारत का लक्ष्य दुनिया की बराबरी करना नहीं, बल्कि उससे एक कदम आगे निकलना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ग्रीन एनर्जी, न्यूक्लियर एनर्जी, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन और परिवहन जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार 500 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और परमाणु ऊर्जा के लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। भविष्य में भारत मेड इन इंडिया जहाजों, कंटेनरों और विमानों के जरिए वैश्विक व्यापार में बड़ी भूमिका निभाएगा।

मोदी ने कहा कि देश तेजी से एक बड़े ट्रांसपोर्ट और टेक्नोलॉजी हब के रूप में उभर रहा है। दुनिया के अत्याधुनिक डेटा सेंटर भारत में स्थापित हो रहे हैं और देश कम समय में नई तकनीकों को अपनाने और विस्तार देने की क्षमता रखता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत पर्यटन और खेल क्षेत्र में भी वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बनाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत “रिफॉर्म्स एक्सप्रेस” के साथ आगे बढ़ रहा है। स्वच्छता अभियान, डिजिटल भुगतान क्रांति और कोरोना महामारी जैसी चुनौतियों के दौरान देशवासियों ने सरकार का पूरा साथ दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का आधार “सबका प्रयास” है और यही देश की सबसे बड़ी ताकत है।

आर्थिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत ने वर्ष 2025-26 में 7.7 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 12 लाख रुपये तक की आय को पूरी तरह कर मुक्त किया गया है। आयुष्मान भारत, जीएसटी सुधार और सस्ते स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाओं से भी मध्यम वर्ग को बड़ा लाभ मिला है।

प्रधानमंत्री ने बुनियादी ढांचे में हुए विस्तार के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि 2014 में देश में 74 एयरपोर्ट थे, जिनकी संख्या अब 160 से अधिक हो चुकी है। एक्सप्रेस-वे नेटवर्क 1,000 किलोमीटर से बढ़कर 6,700 किलोमीटर तक पहुंच गया है, जबकि मेट्रो नेटवर्क पांच शहरों से बढ़कर 20 शहरों तक फैल चुका है। रक्षा निर्यात भी 700 करोड़ रुपये से बढ़कर 23,000 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि 2014 में अधिकांश मोबाइल फोन विदेशों से आयात किए जाते थे, जबकि आज भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा स्वयं तैयार कर रहा है। एथेनॉल मिश्रण 1.5 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच चुका है और देश में पहली बार सेमीकंडक्टर निर्माण इकाइयों की स्थापना हो रही है। वर्तमान में 10 से अधिक सेमीकंडक्टर प्लांट विकसित किए जा रहे हैं।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि 12 वर्षों में इतना व्यापक बदलाव संभव है, तो दशकों तक ऐसा क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यह “कांग्रेस ग्रोथ रेट” और “एनडीए ग्रोथ रेट” के बीच का अंतर है। उनके अनुसार कांग्रेस के शासनकाल में न स्पष्ट नीति थी, न सुशासन और न ही निर्णय लेने की क्षमता।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को यह विश्वास दिलाया था कि भारत में विकास की गति हमेशा धीमी रहेगी और इसे “हिंदू ग्रोथ रेट” जैसे शब्दों से जोड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतिगत विफलताओं की जिम्मेदारी लेने के बजाय कांग्रेस ने इसका ठीकरा देश की बड़ी आबादी पर फोड़ा। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने उस सोच को पीछे छोड़ते हुए विकास और आत्मविश्वास की नई कहानी लिखी है।

Related Posts

रील बनाने में मशगूल थी शादीशुदा महिला, सीढ़ियों से उतर रहे थे दोनों बच्चे, फिर जो हुआ..!

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला…

1 of 833

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *