क्रिकेट

आगे जरूर कायम रहेगी इस देश की आन, वर्ल्ड कप निश्चित जीतेगा अपना हिंदुस्तान

ऑस्ट्रेलिया के 270 के सामने टीम इंडिया 49.1 ओवर में 248 पर सिमट गई। इस तरह कंगारुओं ने टीम इंडिया को वनडे सीरीज में 2-1 से परास्त कर दिया। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने घर पर लगातार 14 द्विपक्षीय सीरीज जीते थे। 15वीं द्विपक्षीय सीरीज में भारत को हार का मुंह देखना पड़ा। भारतीय बल्लेबाजी फिर एक दफा उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। बैटिंग के लिए अनुकूल विकेट पर भी बल्लेबाज टारगेट चेज नहीं कर सके। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर वन टीम बन गई। गौर करने वाली बात यह है कि दूसरे वनडे में भारतीय बल्लेबाजी को तहस-नहस करने वाले मिचेल स्टार्क तीसरे वनडे में 10 ओवर के बाद 67 रन देकर बगैर कोई सफलता हासिल किए वापस गए।

पर स्पिनर एडम जैम्पा ने 10 ओवर में 45 रन देकर 4 सफलता हासिल कर ली। दूसरे स्पिनर एश्टन एगर को भी 2 विकेट मिला। एबॉट को 1 सफलता प्राप्त हुई। मार्कस स्टोइनिस को 2 विकेट हासिल हुए। इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज स्पिनर्स के सामने ढेर हो गए। 270 का टारगेट चेज करते हुए भारत की अच्छी शुरुआत हुई। मिचेल स्टार्क के तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर छक्का जड़कर शुभमन गिल ने अपने खौफनाक इरादे जाहिर कर दिए। 9 ओवर में बगैर किसी नुकसान भारत 65 रन बना चुका था और मजबूती से टारगेट की ओर बढ़ रहा था। तभी एबॉट की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर खड़े मिचेल स्टार्क ने कैच पकड़ लिया। 17 गेंद पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 30 रन और हिटमैन वापस। 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर शुभमन गिल भी एडम जांपा के खिलाफ LBW हो गए। 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से रन बने 37…! स्कोर 77 पर 2 आउट। अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में ना तब्दील कर पाने की ओपनर्स की बीमारी तीसरे वनडे में भी जारी रही। यहां से विराट कोहली ने मोर्चा संभाल लिया।

विराट और केएल राहुल ने मिलकर एक अच्छी पार्टनरशिप बनाई। पर एडम जांपा के खिलाफ 28वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आक्रामक दिख रहे केएल राहुल 32 के निजी स्कोर पर कैच दे बैठे। 2 रन बनाकर अक्षर पटेल रन आउट हो गए। स्कोर 151 पर 4…! 31वें ओवर की पहली गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी करते हुए विराट टीम इंडिया को लक्ष्य की तरफ लेकर चल पड़े। एगर के 36वें ओवर की पहली गेंद पर विराट एक्स्ट्रा कवर की दिशा में हवाई फायर करना चाह रहे थे, लेकिन टाइमिंग वैसी हुई नहीं और लॉन्गऑफ की दिशा में वॉर्नर के हाथ आसान सा कैच। 54 रन बनाकर विराट बोझिल कदमों से पवेलियन लौट गए। रन चेज के बीच में विराट का वापस लौटना टीम इंडिया के लिए मुश्किलें खड़ी कर गया। एगर की अगली गेंद को बैकफुट से डिफेंड करने के प्रयास में सूर्यकुमार यादव बीट हुए और क्लीन बोल्ड हो गए। वह लगातार तीसरे वनडे मुकाबले में बगैर खाता खोले पवेलियन लौटे। सूर्या की नेचुरल सेकंड डाउन पोजिशन के साथ शायद इस मुकाबले में छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए थी। सूर्यकुमार यादव को बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेजना और उनका बगैर खाता खोले वापस लौट जाना भारतीय बल्लेबाजी का टर्निंग पॉइंट रहा।

यहां से हार्दिक पंड्या डट गए लेकिन जैम्पा के 44 वें ओवर की चौथी गेंद पर स्लॉग स्वीप खेलने के प्रयास में स्मिथ को कैच दे बैठे। पंड्या ने 40 गेंद खेलकर 40 रन बनाए। जैम्पा के 46वें ओवर की पहली गुगली पर स्लॉग स्वीप खेलते हुए रवींद्र जडेजा भी आउट हो गए। इसके बाद टीम इंडिया की जीत की हर आस टूट गई। मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव को चलता कर मार्कस स्टोइनिस ने भारतीय पारी को समेट दिया। टीम इंडिया 49.1 ओवरों में 248 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। एक वक्त मुट्ठी में लग रहा मैच रेत की तरह हाथ से फिसल गया। विराट कोहली को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। आगे देखिए ऑस्ट्रेलियाई पारी का सूरत-ए- हाल!

M.A चिदंबरम स्टेडियम चेन्नई में 50,000 दर्शकों के बीच कंगारू कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीत लिया। उन्होंने सबसे पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। डेविड वॉर्नर के रहते हुए ट्रेविस हेड और मिचेल मार्च ओपनिंग करने के लिए आए। दोनों ने पावरप्ले में हिसाब से धागा खोल दिया। स्कोर 10 ओवर के आसपास 64 रन पहुंच गया। 11वें ओवर में बॉलिंग चेंज के तौर पर उपकप्तान हार्दिक पंड्या आए। दूसरी गेंद पर डीप स्क्वायर लेग की दिशा में गिल से ट्रेविस हेड का कैच छूटा और बॉल चौके के लिए निकल गई। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर हेड ने डीप बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में हवाई कट शॉट खेलने का प्रयास किया और कुलदीप यादव ने नीचे झुकते हुए खूबसूरत कैच पकड़ लिया। 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 31 गेंदों पर 33 रनों की खूबसूरत पारी का अंत हो गया। 68 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा।

13वें ओवर में फिर से एक दफा पंड्या आए और कंगारू कप्तान स्मिथ को आउटसाइड ऑफ ड्राइविंग लेंथ पर गेंद डाली। स्मिथ ने शरीर से दूर ड्राइव खेलने का प्रयास किया और विकेटकीपर केएल राहुल ने बल्ले का मोटा किनारा पकड़ लिया। ODI में हार्दिक ने पांचवीं दफा स्मिथ का शिकार किया और अबकी बार तो खाता भी नहीं खोलने दिया। 74 पर 2 आउट। 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 43 रन बनाकर खेल रहे मिचेल मार्श अच्छे लग रहे थे, लेकिन लगातार तीसरे ओवर के साथ हार्दिक पंड्या भी तैयार थे। 15वें ओवर की तीसरी गुड लेंथ बॉल आउटसाइड ऑफ पर बगैर पैरों के मूवमेंट के बड़ा शॉट खेलने की फिराक में मार्श क्लीन बोल्ड हो गए। 85 पर 3 आउट। यहां से वॉर्नर और लैबुशेन ने मिलकर 40 रन जोड़ दिए।

25वें ओवर की तीसरी गेंद पर डीप मिडविकेट क्लियर करने के चक्कर में डाउन द ग्राउंड आ चुके वॉर्नर के बल्ले का लीडिंग एज लॉन्गऑफ पर हार्दिक पंड्या के हाथ में चला गया। 125 पर 4 आउट। लगातार चारों विकेट में किसी न किसी तरीके से हार्दिक पंड्या जुड़े हुए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार्दिक भारत के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 31 की एवरेज से गेंदबाजी करने के अलावा 56 की एवरेज से रन बनाए हैं। 29वें ओवर की पहली गेंद पर लैबुशेन भी डाउन द ग्राउंड आए और कुलदीप के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में लॉन्गऑफ पर कैच देकर चलते बने। 138 पर 5 विकेट डाउन।

यहां से एलेक्स कैरी और स्टोइनिस ने तेजी से 58 रनों की पार्टनरशिप बनाई। फिर स्टोइनिस अक्षर के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कैच आउट हुए और 39वें ओवर की पहली गेंद पर ड्रीम डिलीवरी डालकर कुलदीप यादव ने एलेक्स कैरी को बोल्ड कर दिया। लेग स्टंप पर पिच होने के बाद स्पिन होते हुए गेंद ने ऑफ स्टंप उड़ा दिया। 203 पर 7वां झटका लगने के बावजूद कंगारू 49 ओवर में तमाम 10 विकेट खोकर 269 तक पहुंच गए। भारत के लिए हार्दिक और कुलदीप ने 3-3 सफलता अर्जित की। कुलदीप और सिराज को 2-2 विकेट मिले। गेंदबाजी तो कुल मिलाकर अच्छी हुई लेकिन बल्लेबाज फिर एक दफा उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे।

Related Posts

RCB के इस ऑलराउंडर ने रचाई शादी, वाइफ से नहीं हटेंगी नजरें, बेहद खूबसूरत है इनकी पत्नी

खबर इंडिया की।आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले इंग्लैंड…

1 of 47

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *