उमाकांत त्रिपाठी।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को झारखंड के धनवार विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं पहले जब आया था, तो मैंने कहा था कि झारखंड धाम को यात्रा स्थल के रूप में हम परिवर्तित करेंगे। आज मैं आपको बताने आया हूं कि मोदी जी ने झारखंड धाम के लिए 250 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। अमित शाह ने कहा कि झारखंड में सरकार केवल हेमंत सोरेन को हटाकर भाजपा का मुख्यमंत्री लाने के लिए नहीं बदलनी है। यहां सरकार झारखंड के युवाओं, महिलाओं, आदिवासियों व पिछड़ों के कल्याण के लिए बदलनी है। मोदी जी ने आपके विकास के लिए पैसा भेजा था। लेकिन हेमंत सोरेन एंड कंपनी आपका पैसा खा गई
350 करोड़ रुपये पकड़े गए- शाह
मैं आपसे वादा करके जाता हूं कि जिसने भी पैसा खाया है, उसे एक-एक पाई लौटानी पड़ेगी और जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ेगा। शाह ने कहा कि- कांग्रेस-JMM के सांसद के घर से 350 करोड़ रुपये पकड़े गए। नोट गिनने के लिए 27 मशीनें लगाई गईं, मशीनें थक गईं, लेकिन नोटों की गड्डी समाप्त नहीं हुई। यहां बांग्लादेश से घुसपैठिए आ रहे हैं। ये घुसपैठिए पिछड़े वर्ग की नौकरियां खा रहे हैं, आदिवासियों की जमीन हड़प रहे हैं और आदिवासी बच्चियों से शादी करके उनको अपमानित करने का काम कर रहे हैं। आप भाजपा की सरकार बना दीजिए।
शाह ने राहुल गांधी पर हमला बोला
शाह ने आगे कहा कि- यहां से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुन कर बाहर निकालने का काम हमारी सरकार करेगी। आदमी तो क्या परिंदा भी यहां नहीं आ पाएगा, ऐसी व्यवस्था हम करेंगे। हम ऐसा कानून लाएंगे कि हमारी आदिवासी बहनों से हड़पी हुई सारी भूमि उन्हें वापस देनी पड़ेगी। राहुल बाबा एंड कंपनी SC/ST/OBC के आरक्षण पर कैंची चलाकर, वो आरक्षण मुसलमानों को देना चाहते हैं। लेकिन आप चिंता मत कीजिए, झारखंड विधानसभा में भाजपा का जब तक एक भी विधायक है, तब तक हम मुसलमानों को आरक्षण नहीं देने देंगे। ‘सोरेन की सरकार को उखाड़कर फेंक दीजिए’ केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आप हेमंत सोरेन की सरकार को उखाड़कर फेंक दीजिए। और मोदी जी के नेतृत्व में झारखंड में भी भाजपा की सरकार बना दीजिए। मोदी जी 5 साल में ही झारखंड को नंबर 1 राज्य बना देंगे। शाह ने कहा कि- झारखंड में परिवर्तन भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए चाहिए, घुसपैठ रोकने के लिए चाहिए, महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को समाप्त करने के लिए चाहिए, आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए चाहिए और युवाओं को झारखंड में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर दिलाने के लिए चाहिए।















