उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 3 दिसंबर को पीईसी (पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज) में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार देर रात प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पीईसी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।उन्होंने अधूरे काम जल्द पूरे करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही चंडीगढ़ प्रशासक ने सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
नए कानूनों की समीक्षा और पुलिस को रिटर्न गिफ्ट
पीएम मोदी का का यह दौरा 1 जुलाई से देशभर में लागू हुए 3 नए कानूनों की समीक्षा और चंडीगढ़ पुलिस द्वारा इन्हें सबसे पहले लागू करने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। पीईसी में आयोजित इस कार्यक्रम में कई राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ करीब 15 हजार लोग शामिल होंगे।
हेलिकॉप्टर से लेकर पीईसी तक सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री का हेलिकॉप्टर राजिंदरा पार्क में उतरेगा, जहां से वे सड़क मार्ग से पीईसी पहुंचेंगे। इस दौरान राजिंदरा पार्क से पीईसी तक का रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा और सिर्फ वीवीआईपी मूवमेंट की ही इजाजत होगी।
नयागांव में चेकिंग अभियान, होटलों व पीजी में तलाशी
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले पंजाब पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर नयागांव में चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी दीपक पारीक के निर्देश पर एसपी सिटी, डीएसपी सिटी-1 व खरड़ क्षेत्र के विभिन्न थाना प्रभारियों ने नयागांव में होटलों, पीजी व किराए के मकानों की जांच की।















