खबर इंडिया की।उत्तराखंड में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के बाद केदारनाथ यात्रा दो दिन के लिए रोक दी गई है। राज्यों में 48 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट है। इसके चलते NDRF की 12 और SDRF की 60 टीमें तैनात की गई हैं।बारिश के कारण हरिद्वार, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और नैनीताल में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि केदारनाथ में बादल फटने से पैदल रूट पर लिनचोली और भीमबली के पास 2000 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। इन्हें निकालने के लिए 5 हेलिकॉप्टर लगाए गए हैं।
केदारनाथ रूट में फंसे यात्रियों को बचाने के लिए SDRF की टीम बुलाई गई है। मुनकटिया से 450 लोगों को सुरक्षित सोनप्रयाग पहुंचाया गया। अन्य लोगों का रेस्क्यू चिनूक और एमआई-17 हेलिकॉप्टर से हो रहा है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के 11 जिलों में भी आज भारी बारिश का अलर्ट है, जो अगले 4 दिन तक रहेगा।
उत्तराखंड: राहत और बचाव में लगीं 72 टीमें
रुद्रप्रयाग के आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके राजवार के मुताबिक गौरीकुंड से शुरू होने वाला 16 किलोमीटर लंबा केदारनाथ ट्रैक घोड़ा पड़ाव, लिनचोली, बड़ी लिनचोली और भीमबली में क्षतिग्रस्त हो गया है। रामबाड़ा के पास दो पुल भी कल रात बह गए। राज्य सरकार ने केदारनाथ में फंसे लोगों को निकालने के लिए वायुसेना की मदद ली है।
हिमाचल में एक दिन में 5 जगह बादल फटे
1 अगस्त को हिमाचल प्रदेश में 5 जगह बादल फटने से 53 लोग लापता हो गए थे। इनमें से 5 के शव बरामद कर दिए गए है जबकि 48 लोग अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश में NDRF, SDRF, पुलिस और होम गार्ड जवान सर्च ऑपरेशन चलाए हुए हैं। शिमला के समेज में रेस्क्यू दल को अब तक कामयाबी नहीं मिल पाई। यहां लापता 36 लोगों में से एक का भी पता नहीं लग पाया। एक व्यक्ति के शरीर के कुछ अंग जरूर मिले हैं।
शिमला के रामपुर में शुक्रवार 2 अगस्त की सुबह 6 बजे से NDRF और SDRF की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा शुरू किया।
मंडी की चौहारघाटी के राजबन गांव में भी 3 परिवार के 7 लोग अभी भी लापता हैं। 3 शव बरामद कर लिए गए हैं। कुल्लू के बागीपुल में भी एक ही परिवार के 5 सदस्य सहित 7 लोग लापता थे। इनमें महिला समेत 2 के शव मिल चुके हैं, जबकि 5 अभी भी लापता हैं। वायनाड में मरने वालों की संख्या 313 हो गई है। वायनाड में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। डिजास्टर मैनेजमेंट टीम ने फिर से कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड का खतरा भी जताया है।वहीं, आर्मी के जनरल कमांडर ऑफिसर मेजर जनरल वीटी मैथ्यू ने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है। अब हम केवल शवों को खोजने का काम कर रहे हैं। अगर हमें घरों में कोई फंसा मिलेगा तो उसे निकालेंगे।
3 अगस्त को 4 राज्यों में 20 सेमी से ज्यादा बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक, 3 अगस्त को मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात में भारी से भारी बारिश (20 सेमी से ज्यादा) बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, सौराष्ट्र, कच्छ में 12 सेमी से ज्यादा बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल और तटीय कर्नाटक में 7 सेमी बारिश हो सकती है।















