उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभी झारखंड के दौरे पर हैं. उन्होंने देवघर के सारठ में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस-जेएमएम गठबंधन पर निशाना साधा और कहा,कि-संथाल का ये क्षेत्र भी इस बार नया इतिहास रचने के लिए तैयार है. संथाल में इस बार JMM-कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है. मैं बीते दिनों झारखंड में जहां भी गया, हर जगह विदेशियों की घुसपैठ को लेकर सबसे बड़ी चिंता रही है. झारखंडी गौरव और झारखंड की पहचान, आप सबकी ताकत रही है. अगर ये पहचान ही खत्म हो गई तो क्या होगा?पीएम मोदी ने आगे कहा कि- आंकड़े बताते हैं कि संथाल इलाके में आदिवासियों की संख्या करीब-करीब आधी रह गई है. अगर ऐसे ही आदिवासी घटते रहे तो क्या होगा? आपके जल-जंगल और जमीन पर दूसरों का कब्जा हो जाएगा. हमें इस स्थिति से मेरे आदिवासी परिवारों को भी बचाना है और झारखंड को भी बचाना है.
झारखंड की पहचान बदलने की हो रही है साजिश बोले-पीएम मोदी
नरेंद्र मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, “आज झारखंड की पहचान बदलने की बहुत बड़ी साजिश हो रही है. JMM-कांग्रेस सरकार में बाहर से आए घुसपैठियों को यहां का परमानेंट निवासी बनाने के लिए हर गलत काम किए गए. इन घुसपैठियों के लिए रातों-रात पक्के कागज बनाए गए. आदिवासी बेटियों को शादी के नाम पर ठगा गया और उनकी जमीन हथिया ली गई. इन घुसपैठियों ने आपसे आपका रोजगार छीन लिया और आपकी रोटी भी छीन ली लेकिन यहां की सरकार का रवैया देखिए. JMM सरकार ने कोर्ट में कह दिया कि झारखंड में कोई घुसपैठ हुई ही नहीं है.पीएम मोदी ने आगे कहा कि- हां स्थानीय निवासियों को पानी तक मिलना मुश्किल हो गया है, इसलिए इस चुनाव में रोटी-बेटी-माटी की सुरक्षा सबसे बड़ा और अहम मुद्दा है. मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि बीजेपी-NDA की सरकार संथाल की और झारखंड की रोटी-बेटी-माटी की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ नहीं होने देगी.
पीएम मोदी ने कांग्रेस के इरादे को बताया खतरनाक
नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए दावा किया, “कांग्रेस के इरादे बहुत खतरनाक हैं. कांग्रेस के शहजादे ने साफ कर दिया है कि वो SC/ST/OBC आरक्षण को खत्म करना चाहते हैं. इनके पिताजी जब कांग्रेस के सर्वे-सर्वा थे, तभी उन्होंने आरक्षण हटाने का ऐलान कर दिया था. लेकिन SC/ST/OBC की एकजुटता के कारण वे तब बुरी तरह चुनाव हार गए. तब से आज तक कांग्रेस को कभी भी केंद्र सरकार में पूर्ण बहुमत नहीं मिला.आज भी जिन राज्यों में SC/ST/OBC की आबादी ज्यादा है, वहां कांग्रेस का पत्ता साफ हो चुका है.” उन्होंने कहा कि इसलिए कांग्रेस ने एक नई साजिश रची है. कांग्रेस ने आपकी आंखों में धूल झोंकने का एक नया खेल खेला है. ये लोग SC/ST/OBC की सामूहिक शक्ति को तोड़ना चाहते हैं, उसे टुकड़े-टुकड़े करना चाहते हैं.















