उमाकांत त्रिपाठी।झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को झारखंड पहुंचे। यहां उनका एक मेगा रोड शो और चुनावी रैलियों का कार्यक्रम है। सबसे पहले पीएम मोदी ने बोकारो में एक जनसभा को संबोधित किया।
यहां उन्होंने कहा कि-झारखंड में भाजपा के पक्ष में प्रचंड आंधी चल रही है। छोटा नागपुर का ये पठार भी कह रहा है- रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-NDA सरकार। भाजपा-NDA का यहां एक ही मंत्र है। हमने झारखंड बनाया है, हम ही झारखंड संवारेंगे। ऐसे लोग कभी झारखंड का विकास नहीं करेंगे, जो झारखंड राज्य के निर्माण के विरोधी रहे हैं।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर कसा तंज
उन्होंने कहा कि-आज से 10 साल पहले, 2004 से 2014 तक केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, मैडम सोनिया सरकार चलाती थीं और मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री के रूप में बिठाया था। उस समय केंद्र सरकार ने झारखंड को 10 साल में बड़ी मुश्किल से 80 हजार करोड़ रुपये दिए थे। 2014 के बाद दिल्ली में सरकार बदली, आपने अपने इस सेवक मोदी को सेवा करने का मौका दिया और बीते 10 साल में हमने झारखंड को 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक दिए हैं।पीएम मोदी ने कहा कि-भाजपा चाहती थी कि गरीब को पक्का घर मिले, शहरों-गांवों में अच्छे रास्ते बनें, बिजली-पानी मिले, इलाज की सुविधा हो, पढ़ाई की सुविधा हो, सिंचाई के लिए पानी मिले, बुढ़ापे में दवाई मिले, लेकिन JMM सरकार के पिछले 5 साल में आपके हक की ये सुविधाएं JMM और कांग्रेस के लोगों ने लूट लीं।
भ्रष्टाचारियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए लड़ाई लड़ेंगे-पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि आप मुट्ठीभर बालू के लिए तरस रहे हैं, और इनके नेता बालू की तस्करी करके करोड़ों कमा रहे हैं। इनके पास से नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं। अब आपने भाजपा-NDA सरकार बनाने का निर्णय कर लिया है। मैं आपसे वादा करता हूं कि सरकार बनने के बाद इन भ्रष्टाचारियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हम अदालत में पूरी लड़ाई लड़ेंगे। आपके हक का पैसा आप पर ही खर्च होगा, आपके लिए खर्च होगा, आपके बच्चों के भविष्य के लिए खर्च होगा।
झारखंड में हमारी सरकार ने लाखों करोड़ रुपये खर्च किए-पीएम
उन्होंने कहा कि हम पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा सीधे झारखंड के किसानों के बैंक खातों में भेजते हैं और पूरे के पूरे उन्हें मिलते हैं। ऐसे ही हाइवे, रेलवे और एयरपोर्ट के कितने ही काम होते हैं, जिसपर केंद्र सरकार सीधे खर्च करती है, किसी को बीच में से कट करने का मौका ही नहीं मिलता। झारखंड में भी हमारी सरकार ने लाखों करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
भाजपा-NDA सरकार नए उद्योगों को बढ़ावा दे रही-पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा-NDA सरकार नए उद्योगों को बढ़ावा दे रही है। हम झारखंड में बंद पड़े पुराने कारखाने भी खुलवा रहे हैं। सिंदरी का खाद कारखाना भी तो पहले की सरकारों की कुनीति की वजह से बंद हो गया था। हमने सिंदरी खाद कारखाने को शुरू करवाया। इससे झारखंड के हजारों युवाओं को रोजगार मिला है।
कांग्रेस-JMM की एक बहुत बड़ी साजिश से सतर्क रहना होगा-पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि अब झारखंड भाजपा ने यहां ‘गोगो दीदी योजना’ का वादा किया है। झारखंड की मेरी माताओं-बहनों को ये मोदी की गारंटी है कि सरकार बनने के बाद ‘गोगो दीदी योजना’ लागू हो जाएगी। इस योजना से हमारी माताओं-बहनों के बैंक खातों में सीधे पैसे जाएंगे। झारखंड के तेज विकास के लिए ‘सबका प्रयास’ यानी सभी की सामूहिक शक्ति लगनी बहुत जरूरी है। इसलिए आप सभी को कांग्रेस-JMM की एक बहुत बड़ी साजिश से सतर्क रहना है।















