उमाकांत त्रिपाठी।उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले की दामाद और सास प्रेम कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है। होने वाले दामाद संग गई महिला का अभी तक कोई सुराग नहीं लग रहा है। फिलहाल दोनों फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।होने वाली सास व दामाद के गायब होने के मामले में पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। युवक के दोस्तों को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया है। उनसे मिली जानकारी के आधार पर टीम गुजरात या किसी अन्य जगह पर उन्हें लाने के लिए भेजी जाएगी।
मडराक के मनोहरपुर कायस्त की युवती की शादी दादों के युवक से 16 अप्रैल को होनी थी। शादी से पहले युवती की मां अपने होने वाले दामाद संग चली गई। तब से ही दोनों परिवार सकते में हैं। युवती व उसके पिता ने अब महिला से रिश्ता रखने से इन्कार कर दिया है। युवक के परिवार ने भी उससे रिश्ता रखने से इन्कार कर दिया। दोनों ही परिवार बस पुलिस से इतनी मदद चाहते हैं कि एक बार उन्हें सामने लाया जाए। वे घरों से जो भी जेवरात नकदी लेकर गए हैं, उसे वापस करा दिया जाए।
गुजरात भी जा सकते हैं दोनों
रविवार को पुलिस ने युवक के बहनोई, पिता व अन्य परिजनों को पूछताछ के लिए बुलाया था। अब तक पुलिस को उनके उत्तराखंड जाने का अंदेशा था। लेकिन रविवार की पूछताछ में उजागर हुआ कि वे गुजरात भी जा सकते हैं। उनके गायब होने में कुछ दोस्तों ने मदद की है। इस पर पुलिस ने उन दोस्तों को पूछताछ के लिए बुलाया है। सीओ इगलास महेश कुमार कहते हैं कि अभी पूछताछ का क्रम जारी है। जो भी सटीक सूचना मिलेगी, उसके आधार पर टीम भेजकर उन्हें लाने का प्रयास होगा।
अब पिता ने उसकी सास पर बेटे को ताबीज से वशीकरण करने की बात कही है। युवक के पिता ने बताया कि जब बेटे की सास हमारे घर आई, तभी उसे दो ताबीज बांधे थे। तभी से बेटे का व्यवहार बदल गया। इधर, युवक के पिता व बहनोई को मडराक पुलिस ने रविवार को पूछताछ के लिए बुलाया।
युवक के पिता ने रविवार को मीडिया कर्मियों से बातचीत में बेटे की होने वाली सास पर उसे बरगलाने का आरोप लगाया। कहा कि जब बेटे की तबीयत खराब हुई, तब उसकी होने वाली सास यहां आकर पांच दिन तक रही। तभी वह बेटे के लिए दो ताबीज लेकर आई थी। एक ताबीज गर्दन दूसरा कमर में बांधा था। अब उसके इस तरह गायब होने पर अहसास हो रहा है कि यह सब उसी ताबीज से हुए वशीकरण का नतीजा है। महिला ही हमारे बेटे को बरगलाकर ले गई है।
अब नहीं रखेंगे बेटे को घर में, करेंगे बेदखल
पिता ने यहां तक कहा कि बेटे ने जो किया है उससे हमारी क्षेत्र व समाज में इज्जत को बट्टा लगा है। इसलिए अब निर्णय लिया है कि बेटे को घर में नहीं रखेंगे। संपत्ति से भी बेदखल करेंगे। घर से बेटा भी कुछ जेवर व नकदी लेकर गया है। पुलिस से अनुरोध है कि वह वापस करा दे।
पुलिस पूछताछ में बहनोई निशाने पर
मडराक पुलिस ने युवक के रुद्रपुर उत्तराखंड निवासी बहनोई, उसके पिता आदि परिजनों को रविवार को पूछताछ के लिए बुलाया। उनमें से बहनोई पुलिस के अधिक निशाने पर है। इसके पीछे की वजह दोनों की लोकेशन शुरुआत में उत्तराखंड में मिलना है। देर शाम तक पूछताछ जारी रही। सीओ इगलास महेश कुमार का कहना है कि अभी पूछताछ व तलाश का काम जारी है। कोई नतीजा नहीं निकला है।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के चर्चित सास और होने वाले दामाद की बेमेल लव स्टोरी में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। शनिवार को जब अमर उजाला की टीम उनके आवास पर पहुंची तो महिला के पति ने बताया कि- रात दस बजे के आसपास उन्होंने अपने होने वाले दामाद को फोन लगाया। पहले तो वह टालमटोल करता रहा। मगर जब शक गहराने पर दबाव बनाया तो उसने धमकाते हुए कहा कि- तुमने अपनी शादी के 19 वर्ष में अपनी पत्नी का बहुत उत्पीड़न किया है। अब भूल जाओ। वरना आपके घर को वीरान बना दूंगा। इसके बाद फोन कट गया। तब से कोई बात नहीं हुई। अब पुलिस उन्हें तलाशने में लगी है। मांग यही है कि जल्द से जल्द उनसे आमना-सामना कराकर सामान वापस करा दिया जाए।
महिला के पति ने तोड़ी चुप्पी
होने वाले दामाद संग महिला के जाने के बाद अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग रहा है। शनिवार को खुद महिला के पति ने चुप्पी तोड़ते हुए स्वीकारा है कि उसकी पत्नी ने ही होने वाले दामाद को जिद कर मोबाइल दिलाया था। मगर वह अपनी होने वाली पत्नी से कभी कभार चंद मिनट व उसकी पत्नी से दिन-दिन भर बतियाता रहता था। शुरुआत में कुछ संदेह जरूर हुआ, मगर बात को नजरंदाज कर दिया गया। अब सभी बातें सामने आ रही हैं।
एक निजी चैनल की टीम उनके आवास पर पहुंची तो उन्होंने बताया कि अब अगर उसकी पत्नी सामने आ गई तो वह उसकी जान ले लेगा। अब उसे उससे कोई रिश्ता नहीं रखना। वह हमारे लिए मर गई। रहा सवाल बेटी की दूसरी जगह शादी करने का तो इस विषय में अब एक वर्ष बाद कोई विचार किया जाएगा। अब तो बस पुलिस से इतनी गुहार है कि वह दो दिन में उन्हें सामने लाकर उसका साढ़े पांच लाख रुपये के जेवरात व साढ़े तीन लाख रुपये वापस करा दे।















