उमाकांत त्रिपाठी। यूपी के गोंडा में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस की 5 AC समेत 21 बोगियां पटरी से उतर गईं। इनमें 3 पलटी खा गईं। हादसे में 2 यात्रियों की मौत हो गई, 25 घायल हैं। वहीं, 2 यात्रियों के पैर कट गए। हालांकि मनकापुर SDM यशवंत कुमार ने पहले 5 यात्रियों की मौत की बात कही थी। 1 घंटे बाद उन्होंने 2 यात्रियों की मौत की पुष्टि की। ज्यादातर घायल यात्री AC कोच के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद यात्री खिड़की के कांच तोड़कर बाहर कूदे। ट्रेन (15904) चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ जा रही थी। हादसा झिलाही रेलवे स्टेशन के बीच गोसाई डिहवा में हुआ। हादसा स्थल की अयोध्या से इसकी दूरी 30 किमी और लखनऊ से 130 किमी है। गुरुवार को ट्रेन रात 11.39 बजे चंडीगढ़ से रवाना हुई। दोपहर 2.37 बजे पलट गई।
रेलवे ने किया मुआवजे का ऐलान
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अफसर मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। SDRF टीम मौके पर है। ट्रेन के अंदर फंसे लोगों को बोगियां काट कर निकाला जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे के CPRO पंकज कुमार ने बताया- लोको पायलट ने एक्सीडेंट के पहले धमाके की आवाज सुनी थी। वहीं, रेल मंत्रालय ने मृतकों के परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया है। गंभीर घायलों को ढाई लाख और मामूली घायलों को 50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। साथ ही मामले की हाई-लेवल जांच के आदेश दिए गए हैं।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रेल हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए दिए गए हैं. सीएम के निर्देश पर आसपास के जिलों के सभी अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी को अलर्ट मोड पर रखा गया है. एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची है और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है. वहीं यूपी सरकार और असम सरकार आपस में सपर्क में हैं.













