शरद पवार को फोन पर धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार

शरद पवार को फोन पर धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार
शरद पवार, एनसीपी चीफ

इश्क की ये कहानी जरा तूफानी है। इसमें एक दिलजला आशिक है। एक पॉलिटिकल पार्टी का कार्यकर्ता है। देश के जाने माने नेता हैं और बेवफा बीवी है। कहते हैं इश्क आग का दरिया है तो सियासत आग का समंदर। सियासत का एक मंझा हुआ खिलाड़ी इसी आग के समंदर में फंस गया। बुढ़ापे में शरद पंवार को जान से मारने की धमकी मिल रही है। वजह जानकर आप माथा पकड़ लेंगे।

हुआ कुछ यूं की शरद पंवार के लैंडलाइन फोन पर कॉल आया। पहली कॉल में कहा गया शरद पंवार को देसी कट्टे से उड़ा देंगे। कॉल करने वाले ने इससे आगे कुछ भी नहीं कहा।फोन कट हो गया। थोड़ी देर में फिर घंटी बजी। इस बार कॉल करने वाले ने सीधे मां-बहन की गालियां बकनी शुरू कर दी एक सांस में दर्जनों गालियां। शरद पंवार के स्टाफ ने समझा किसी ने गलती से नंबर लगा दिया होगा। लेकिन तभी तीसरी कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा नंबर गलती से नहीं लगा बल्कि शरद पंवार का नंबर आ गया है। बिहार के देसी कट्टे देश भर में मशहूर हैं। इसी देसी कट्टे से शरद पंवार को उड़ाएंगे। बात ही कुछ ऐसी थी कि शरद पंवार के घर में हड़कंप मच गया।

सियासत के जिस खिलाड़ी ने बड़े-बड़ों को मात दी थी मुलायम सिंह के बाद जो अपनी सियासी चाल के लिए सबसे ज्यादा मशहूर है उसी के साथ चाल चली जा रही थी लिहाजा पुलिसस को मामले की खबर दी। शरद पंवार के स्टॉफ ने मुंबई पुलिस को बताया कि हुजूर खतरे में हैं कुछ कीजिए। मामला हाईप्रोफाइल था लिहाजा पुलिस ने कॉल डिटेल निकाली, तो पता चला बिहार से सोनी नाम का शख्स शरद पंवार को उड़ाने की धमकी दे रहा था। एक सवाल अब भी बरकरार था कि आखिर इस शख्स की शरद पंवार से क्या दुश्मनी हो गई। जो देसी कट्टे से उड़ाने की धमकी दे रहा था।

धमकी देने वाला जब पुलिस की गिरफ्त में आया तब असली कहानी खुली। पता चला की NCP का कोई कार्यकर्ता उसकी बीवी को भगा ले गया। अब आप सोच रहे होंगे कि कार्यकर्ता बीवी को ले गया तो शरद पंवार की क्या गलती तो हुजूर जिसकी बीवी गई उसे तो यही लग रहा है कि NCP शरद पंवार की पार्टी है। तो कार्यकर्ता भी शरद पंवार का हुआ ना, तभी सोनी नाम का शख्स शरद पंवार पर चिढा था। उसे इस बात का गुस्सा था कि शरद पंवार ने अपने कार्यकर्ता के खिलाफ कुछ किया क्यों नहीं। अब उसे कौन बताए कि शरद पंवार कर तो कुछ अपने विधायकों और भतीजे का भी नहीं पाए थे। फिर भला कार्यकर्ता का क्या करते। लेकिन सोनी को लग रहा था कि शरद पंवार ही गुनहगार हैं तभी तो उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था। लिहाजा पुलिस ने अब अभद्र भाषा और आपराधिक धमकी देने का केस इस शख्स पर दर्ज किया है।


पुलिस पूछताछ में शख्स ने बताया कि वो 10 साल से पुणे में रह रहा है। इसी दौरान उसकी बीवी का चक्कर NCP कार्यकर्ता के साथ चल गया। और NCP कार्यकर्ता के साथ उसकी बीवी भाग गई। दोनों ने शादी भी कर ली, अब बीवी कोई और ले उड़ा और उड़ाने की धमकी किसी और को मिल रही थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। और शरद पंवार अब राहत की सांस ले रहे हैं।