उमाकांत त्रिपाठी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के मतदाताओं से रिकॉर्ड मतदान करने की अपील की है। दोनों नेताओं ने खास तौर पर महिलाओं और युवाओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए बड़ी संख्या में मतदान करने का आह्वान किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि बंगाल को भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार के शासन से मुक्त कराने के लिए अधिक से अधिक मतदान जरूरी है। शाह ने कहा कि माताएं, बहनें और युवा बड़ी संख्या में मतदान करें ताकि राज्य में विकास और सुरक्षा का नया माहौल बन सके।
अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि बंगाल के गौरव को फिर से स्थापित करने और महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए हर वोट महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के युवाओं के सपनों को वही सरकार पूरा कर सकती है जिसके पास विकास का विजन हो और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकल्प हो। शाह ने मतदाताओं से ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण के लिए रिकॉर्ड मतदान करने की अपील की।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बंगाल के मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि रिकॉर्ड मतदान लोकतंत्र को और अधिक जीवंत और सहभागी बनाता है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की बात कही।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान करे। उन्होंने कहा कि अधिक मतदान से देश के नवनिर्माण में जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होती है और भारत को समर्थ एवं समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा मजबूत होती है।
इस मौके पर पीएम मोदी ने एक संस्कृत सुभाषित भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधि का असली संकल्प लोक कल्याण, न्याय, समभाव और समर्पण की भावना से काम करना होना चाहिए। पीएम मोदी के इस संदेश को बीजेपी नेताओं और समर्थकों ने सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया।
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में आज 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। इस चरण में 3 करोड़ 12 लाख से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।














