हेडलाइंस

जंतर-मंतर की सुरक्षा चाक चौबंद, 200 किसानों को मिली प्रदर्शन की इजाजत

दिल्ली के सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है। संसद के मानसूत्र सत्र के दौरान केन्द्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों की प्रदर्शन की योजना को देखते हुए दिल्ली में जंतर-मंतर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

आपको बता दें कि जंतर-मंतर, संसद भवन से कुछ ही मीटर की दूरी पर ही है।

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के जवानों को भारी मात्रा में तैनात किया गया है। पुलिस की सुरक्षा के साथ 200 किसानों का एक समूह बसों में सिंघू बॉर्डर से जंतर-मंतर आएगा और वहां पूर्वाह्न 11 बजे से शाम पांच बजे तक विरोध प्रदर्शन करेगा।

संयुक्त किसान मोर्चा को इस बारे में एक शपथपत्र देने के लिए कहा गया है, जिसमें यह वर्णित होगा कि कोविड-19 के सभी नियमों का पालन किया जाएगा और आंदोलन शांतिपूर्ण होगा। इस साल 26 जनवरी को एक ट्रैक्टर परेड के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में हुई हिंसा के बाद यह पहली बार है, जब अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन करने वाले किसानों को शहर में प्रवेश की अनुमति दी है।

गौरतलब है कि दिल्ली से लगे टिकरी बॉर्डर, सिंघू बॉर्डर तथा गाजीपुर बॉर्डर पर किसान पिछले साल नवम्बर से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया जाए और न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी दी जाए। हालांकि सरकार का कहना है कि ये कानून किसान हितैषी हैं। सरकार और प्रदर्शन कर रहे किसानों के बीच कई दौर की वार्ता बेनतीजा रही है।

Related Posts

1 of 558

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *