क्रिकेट

माही लंबे-लंबे छक्कों से तमाम स्टेडियम के आसमान भर देगा, फिर से दिखेगा हेलिकॉप्टर शॉट

IPL में महेंद्र सिंह धोनी के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी रोहित शर्मा ने कहा है कि माही कम से कम 2 साल और IPL खेलेंगे। हिटमैन के मुताबिक धोनी सुपर फिट हैं और ऐसे में यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन कतई नहीं है। 9 दफा आईपीएल फाइनल्स का सफर और 4 बार खिताबी जीत….! यह इस लीजेंडरी खिलाड़ी की लीगेसी है। महेंद्र सिंह धोनी को आईपीएल का बाजीगर यूं ही नहीं कहा जाता। महेंद्र सिंह धोनी….नाम नहीं है ब्रांड है! जिस वक्त महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई के होम ग्राउंड पर अभ्यास सत्र के लिए बल्ला उठाकर मैदान की तरफ जा रहे थे, पब्लिक मानो शोर से आसमान को जमीन पर लाने के लिए आमादा थी। अच्छी-खासी इंटरनेशनल मैचों में इतनी भीड़ नजर नहीं आती, जितनी भीड़ धोनी को प्रैक्टिस करते हुए देखने के लिए चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में पहुंची थी। हालात तो ऐसे थे कि स्टेडियम में तिल रखने की भी जगह नजर नहीं आ रही थी।
जिन लोगों को ओपन प्रैक्टिस सेशन की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी, वे धोनी को खेलते हुए ना देख पाने के कारण सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करने लगे। हर कोई हर हाल में धोनी का दीदार करना चाहता है। महेंद्र सिंह धोनी का क्रेज आईपीएल के नजदीक आते ही फिर से एक दफा लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। चेन्नई सुपरकिंग्स के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर सोमवार की शाम एक वीडियो अपलोड किया गया। वीडियो में धोनी हाथ में बल्ला लेकर क्रीज की ओर जा रहे हैं। माही को देखते ही स्टेडियम उनके नाम से गूंज उठा। यह शोर ऐसा है कि धोनी-धोनी का नाम सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे।
धोनी ट्रेनिंग सेशन में शानदार लय में दिख रहे हैं। बल्लेबाजी के अभ्यास के दौरान वह कई दमदार शॉट लगाते हुए देखे गए हैं। उनकी फिटनेस ऐसी नजर आ रही है, जिसे देखकर अच्छा-खासा युवा खिलाड़ी भी शर्मा जाए। महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2019 विश्व कप के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। हालांकि उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में खेलना जारी रखा है। धोनी आईपीएल में सफल कप्तान होने के साथ बेहतरीन बल्लेबाज भी हैं। प्रैक्टिस सेशन में धोनी की बल्लेबाजी देखने के लिए जिस तरह भीड़ उमड़ रही है, वह उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी की लोकप्रियता बताने को काफी है। 3 अप्रैल को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। धोनी को चेन्नई में वापसी करते हुए देखने की खातिर इस मैच के सभी टिकट सिर्फ 20 मिनट में बिक गए।
आईपीएल अब ‘होम एंड अवे’ यानी अपने और विरोधी टीम के मैदान पर वाले फॉर्मेट में लौट आया है और चेन्नई को अपने गढ चेपॉक पर 7 मैच खेलने हैं। पिछले सत्र में प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही चेन्नई टीम की कप्तानी रवींद्र जडेजा को सौंपी गई थी, लेकिन जड्डू की नाकामी के बाद धोनी को बीच सीजन फिर कप्तान बनाया गया। ऐसे में माही हर हाल में CSK को जीत दिलाने की कोशिश करेंगे। टीम संयोजन के लिहाज से देखा जाए तो आईपीएल के इस सीजन में चेन्नई को हल्के में कोई टीम नहीं लेना चाहेगी। इंग्लैंड के हरफनमौला बेन स्टोक्स भी अब टीम में हैं, जो महेंद्र सिंह धोनी के साथ बतौर फिनिशर चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं। रवींद्र जडेजा और मोईन अली की जुगलबंदी किसी भी विपक्षी टीम की धज्जियां उड़ा सकती है।
धोनी ने इस लीग में अब तक कुल 234 मैच खेले हैं, जिसमें 135.2 की स्ट्राइक रेट से 4978 बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 24 अर्धशतक भी दर्ज हैं। ऐसे में पब्लिक माही मैजिक का दिल थाम कर इंतजार कर रही है। देखना दिलचस्प होगा कि महेंद्र सिंह धोनी अपने करोड़ों चाहने वालों की उम्मीदों पर खरे उतर पाते हैं या नहीं। एक वर्ग जरूर है जिसे धोनी का नाम सुनते ही मिर्ची लग जाती है। वह वर्ग महेंद्र सिंह धोनी की लाख कमियां निकालने लगता है और माही को संन्यास लेने की सलाह देने पर तुल जाता है। हकीकत यह है कि इनमें से अधिकतर लोग वो हैं, जिन्होंने शायद ही कभी जीवन में किसी स्तर पर क्रिकेट खेला होगा। महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट अपनी जिद पर शुरू किया था और आज करोड़ों चाहने वाले उसे खेलते देखने की जिद पर अड़े हैं। ऐसे में निश्चित है कि फिर एक दफा तमाम आलोचकों की जुबान खामोश कर देगा। माही लंबे-लंबे छक्कों से तमाम स्टेडियम के आसमान भर देगा।

Related Posts

IND vs AUS 5th Test Updates Day 2: सिडनी टेस्ट में दिखा गेंदबाजों का कहर, 150 के करीब टीम इंडिया की लीड, पंत चमके

खबर इंडिया की।भारत और ऑस्ट्रेल‍िया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का आख‍िरी टेस्ट…

1 of 49

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *