न्यूज़भारत

विकसित भारत संकल्प यात्रा में पीएम बोले- जहां दूसरों से उम्मीद खत्म, वहां शुरू होती है मोदी की गारंटी

उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मध्यप्रदेश के साथ ही राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विकसित भारत संकल्प यात्रा की वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की अलग-अलग योजनाओं के लाभ बताए। प्रधानमंत्री ने कहा- आज, इस यात्रा को राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में हरी झंडी दिखाई गई है। मैं इन राज्यों की सरकारों से इस यात्रा को बढ़ावा देने का आग्रह करता हूं। पीएम मोदी ने इस अवसर पर विकसित भारत के संकल्प में देश के शहरों की बड़ी भूमिका का जिक्र किया।

पीएम ने की लाभार्थियों से बात

प्रधानमंत्री ने सभी लाभार्थियों से चर्चा की कि उन्हें किन योजनाओं से लाभ हुआ और यह भी पूछा कि क्या उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी तरह की कोई परेशानी भी हो रही है। पीएम मोदी ने असम के गुवाहाटी की कल्याणी राजबोंगशी नाम की लाभार्थी से बात की। उन्होंने पीएम मोदी को बताया कि कैसे उन्होंने एक स्वयं सहायता समूह बनाया है, जिससे अन्य महिलाओं को भी रोजगार मिल रहा है। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि केंद्र सरकार से मिला कर्ज उनके लिए मददगार साबित हुआ। पीएम मोदी ने कहा, “मुझे खुशी है कि आपने अन्य महिलाओं को भी रोजगार दिया है। एक महिला को सशक्त बनाने से समाज को लाभ होता है।

एक महीने में गांवों में पहुंची यात्रा- मोदी

एक महीने के अंदर ही विकसित भारत संकल्प यात्रा हजारों गांवों और शहरों, विशेषतौर पर छोटे शहरों में पहुंच गई है। उनकी सरकार परिवार के एक सदस्य की तरह हर किसी की परेशानियां कम करने का प्रयास कर रही है। पीएम मोदी ने कहा कि यह उनकी सरकार है जिसने गरीबों, किसानों, छोटे व्यापारियों और समाज के विभिन्न वर्गों की मदद की है। स्वतंत्रता के बाद लंबे समय तक विकास का लाभ कुछ बड़े शहरों तक ही सीमित था। लेकिन उनकी सरकार छोटे शहरों के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है और इससे विकसित भारत की नींव मजबूत होगी। प्रधानमंत्री ने 15 नवंबर को झारखंड के खूंटी से विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य देश के कोने-कोने में लोगों को केंद्र सरकार योजनाओं के बारे में बताना और उसका लाभ उठाने के लिए उन्हें प्रेरित करना है।

पीएम ने बताई केंद्र सरकार की उपलब्धियां

हमारी सरकार परिवार के सदस्य की तरह आपकी हर चिंता कम करने का प्रयास कर रही है। जब कोरोना का संकट आया तो सरकार ने आपकी मदद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मोदी ने वन नेशन, वन राशन कार्ड बनाया। अब एक ही राशन कार्ड पर परिवार, गांव में हो या शहर में…राशन ले सकता है। 15 नए शहरों तक मेट्रो सेवा का विस्तार हुआ है। कुल 27 शहरों में मेट्रो चल चुकी है या उस पर काम चल रहा है। मोदी ने कहा, ‘आज से राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में भी ये यात्रा शुरू हो गई है। चुनाव आचार संहिता की वजह से इन राज्यों में यात्रा शुरू नहीं हो पाई थी। मेरा आग्रह है कि यात्रा का तेजी से विस्तार करें।

Related Posts

रील बनाने में मशगूल थी शादीशुदा महिला, सीढ़ियों से उतर रहे थे दोनों बच्चे, फिर जो हुआ..!

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला…

1 of 787

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *