उमाकांत त्रिपाठी।लोकसभा चुनाव 2024 से पहले नीतीश कुमार की JDU के बाद अब ओडिशा की बीजू जनता दल (BJD) भी NDA में शामिल हो सकती है। बुधवार (6 मार्च ) को भुवनेश्वर में BJD के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के घर नवीन निवास में चुनाव को लेकर लंबी मीटिंग हुई।इस मीटिंग के बाद BJD के वाइस प्रेसिडेंट देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि हमारी BJP के साथ अलायंस पर चर्चा चल रही है। हमारी पार्टी ओडिशा के लोगों के हितों को लेकर जरूरी फैसला लेगी।
भाजपा की हुई लंबी बैठक
दिल्ली में भी ओडिशा में लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की लंबी बैठक हुई। इस बैठक के बाद भाजपा सांसद जुआल ओरम ने भी अलायंस को लेकर चर्चा होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अलायंस पर बातचीत चल रही है, लेकिन फाइनल फैसला आलाकमान ही करेगी।
15 साल पहले टूटा था गठबंधन1998 में भाजपा और BJD का गठबंधन हुआ था, जो 2009 में टूट गया था। 1998, 1999 और 2004 के लोकसभा चुनाव दोनों पार्टियों ने साथ लड़ा था। इसके अलावा 2000 और 2004 के विधानसभा चुनाव में भी दोनों पार्टियां एक साथ चुनाव में उतरी थीं।
सुषमा स्वराज बोली
BJD NDA की सबसे भरोसेमंद पार्टी मानी जाती थी। लेकिन 2009 के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के मुद्दे को लेकर अलायंस टूट गया था। BJD चाहती थी कि विधानसभा में भाजपा 163 सीटों में से 40 पर चुनाव लड़े, जबकि भाजपा 63 सीटों पर उम्मीदवार उतारना चाहती थी।
वहीं, लोकसभा के लिए भी BJD भाजपा को 21 में से 6 सीटें देना चाहती थी। जबकि भाजपा 9 सीटें चाहती थी। गठबंधन के टूटने के बाद भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने कहा था कि नवीन पटनायक को यह गठबंधन तोड़ना काफी भारी पड़ेगा।
BJD का विधानसभा चुनाव पर होगा फोकस
ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होते हैं। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक अगर गठबंधन होता है तो लोकसभा की ज्यादा सीटों पर भाजपा अपने कैंडिडेट्स उतारेगी। वहीं, BJD विधानसभा चुनाव पर फोकस करेगी। ओडिशा में लोकसभा की 21 सीटें और विधानसभा की 147 सीटें हैं।














