न्यूज़भारतहेडलाइंस

राजनांदगांव पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कांग्रेस और भूपेश बघेल पर साधा निशाना

उमाकांत त्रिपाठी। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की तीन सीटों महासमुंद, कांकेर और राजनांदगांव में आज (4 मार्च) नामांकन जमा करने का अंतिम दिन है। गुरुवार को राजनांदगांव से बीजेपी उम्मीदवार संतोष पांडेय ने पर्चा दाखिल किया। इस दौरान आयोजित नामांकन रैली में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत कई मंत्री और दिग्गज नेता मौजूद रहे। इससे पहले इसी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल नामांकन जमा कर चुके हैं। वहीं, कांकेर और महासमुंद में भी दोनों पार्टियों के प्रत्याशी नॉमिनेशन कर चुके हैं।

हमने रखा माताओ-बहनों का ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश माताओं-बहनों को 12 हजार सालाना हम दे रहे हैं। कल ही दूसरी किस्त खाते में हमने डाली है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हर महीने के पहले हफ्ते में ही खाते में एक हजार रुपए आ जाएंगे। साय ने कहा कि चरणदास महंत कहते हैं कि भूपेश बघेल ही मोदी के सिर पर लाठी मार सकते हैं। क्या नेता प्रतिपक्ष का ये बयान उचित है। हम सब मोदी का परिवार हैं, हिम्मत है तो हमारे सिर पर लाठी चलाकर देखें। आप लोग मोदी की गारंटी पर भरोसा कर बीजेपी को सरकार में बैठाए हैं। आज तीन महीना बीस दिन सरकार को हो गए हैं। हमने इस दौरान मोदी की गारंटी को पूरा करने का काम किया है।

कांग्रेस पर बरसे साय
साय ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने गोबर तक में भ्रष्टाचार किया। करप्शन करने वाले वे नेता और अफसर आज जेल में हैं। दुर्भाग्य है कि कांग्रेस ने जिसे राजनांदगांव का प्रत्याशी बनाया है, वह पांच साल प्रदेश का मुख्यमंत्री रहा लेकिन गंगा जल हाथ लेकर भी कोई काम नहीं किया। उन्होंने महादेव को भी नहीं छोड़ा। उन पर 508 करोड़ लेने का आरोप है। साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस को बड़ा जनादेश दिया था, लेकिन 5 साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया। मैंने प्रदेशाध्यक्ष रहते चैलेंज किया था कि 36 में से एक भी वादा पूरा हुआ हो तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। छत्तीसगढ़ भ्रष्टाचार और अपराध का गढ़ बन गया।

मोदी जी को फिर पीएम बनाना है
नामांकन सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि लोकसभा चुनाव नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए है। मोदी जी दस साल से देश के प्रधान सेवक के रूप में काम कर रहे हैं। दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। जहां भी जाते हैं वहां मोदी-मोदी के नारे लगते हैं। देश के गांव-गरीब-किसान-मजदूर और सभी वर्गों के लिए काम कर रहे हैं।

Related Posts

1 of 849

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *