न्यूज़भारतहेडलाइंस

पश्चिम बंगाल में जमकर गरजे पीएम मोदी, बोले- TMC की सरकार में नहीं लेने दिया जाता राम का नाम

उमाकांत त्रिपाठी।पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के बैरकपुर, हुगली, आरामबाग और हावड़ा में रैली की। प्रधानमंत्री ने कहा कि संदेशखाली की बहनों को डराया-धमकाया जा रहा है। कांग्रेस को इस बार उनके शहजादे की उम्र से भी कम सीटें मिलेंगी। राहुल गांधी इस साल 19 जून को 54 साल के हो जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में संदेशखाली में यौन उत्पीड़न के मामले में कथित वीडियो पर कहा- पहले TMC नेताओं को पुलिस ने बचाया। अब TMC ने एक नया खेल शुरू किया है। TMC के गुंडे संदेशखाली की बहनों को डरा रहे हैं, धमका रहे हैं। सिर्फ इसलिए कि अत्याचारी का नाम शाहजहां शेख है।
उन्होंने कहा- बंगाल में TMC की सरकार में राम का नाम नहीं लेने दिया जाता। रामनवमी नहीं मनाने दी जाती। CAA का विरोध किया जाता है। ये तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करते हैं। यहां की तस्वीर बता रही है कि बंगाल में इस बार एक अलग माहौल है। कुछ अलग होने जा रहा है। प्रधानमंत्री ने बंगाल के लोगों को 5 गारंटी भी दी।

पीएम मोदी के स्पीच की 10 अहम बातें…

1. कांग्रेस राज में सिर्फ गरीबी और पलायन मिला
आजादी के बाद 50 वर्ष तक कांग्रेस के परिवार ने ही सरकारें चलाईं, लेकिन पूर्वी भारत को सिर्फ गरीबी और पलायन मिला। पश्चिम बंगाल हो, बिहार हो, झारखंड हो, ओडिशा हो, आंध्र प्रदेश हो। कांग्रेस और इंडी अलायंस के दलों ने पूर्वी भारत को पिछड़ा ही छोड़ दिया।

2. मोदी पूर्वी हिस्से को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाएगा
मोदी ने ठाना है कि वो देश के पूर्वी हिस्से को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाएगा। आज हम पूर्वी राज्यों में सड़क मार्ग, रेलवे और जलमार्ग का एक नेटवर्क बना रहे हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने इस क्षेत्र में औद्योगीकरण को बढ़ाया है। आने वाले वर्ष बंगाल और आसपास के राज्यों के विकास को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित होंगे।

3. TMC ने बंगाल को घोटाले का गढ़ बना दिया है
बैरकपुर की धरती इतिहास रचने वाली धरती है। आजादी में अहम भूमिका निभाने वाली धरती है, लेकिन TMC ने इसका क्या हाल बना दिया है। एक समय था, जब बंगाल की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में ये अपना बड़ा योगदान देता था, आज TMC ने इसे घोटाले का गढ़ बना दिया है।

4. TMC राज में बम बनाने की इंडस्ट्री चल रही है
एक समय था, जब बंगाल में एक से बढ़कर एक वैज्ञानिक खोज हुआ करती थीं, आज TMC के राज में जगह-जगह बम बनाने की होम इंडस्ट्री चल रही है। एक समय था, जब बंगाल घुसपैठियों के खिलाफ क्रांति किया करता था, लेकिन आज TMC के संरक्षण में यहां घुसपैठिए फल-फूल रहे हैं।

5. बंगाल में राम का नाम लेने नहीं दिया जाता
आज स्थिति ये है कि बंगाल में अपनी आस्था का पालन करना भी गुनाह है। बंगाल में TMC सरकार राम का नाम नहीं लेने देती। बंगाल में TMC सरकार रामनवमी नहीं मनाने देती। कांग्रेस और लेफ्ट के लोगों ने भी राम मंदिर के विरुद्ध मोर्चा खोल रखा है। क्या TMC, कांग्रेस और लेफ्ट के हाथ में देश सौंपा जा सकता है।

6. TMC ने हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बनाया
TMC-कांग्रेस के इंडी अलांयस ने तुष्टिकरण और वोटबैंक की पॉलिटिक्स के आगे घुटने टेक दिए हैं। TMC के MLA ने कहा कि हिंदुओं को भागीरथी में बहा देंगे। सोचिए, इतनी हिम्मत, इतना साहस। इन लोगों ने बंगाल में हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बना कर रख दिया है।

7. वोट बैंक की राजनीति के चलते CAA का विरोध हो रहा
वोट बैंक की राजनीति ने CAA जैसे मानवता की रक्षा करने वाले कानून को विलेन बनाकर पेश किया। CAA कानून तो पीड़ितों को नागरिकता देने का कानून है, इससे किसी की नागरिकता नहीं छिनती। लेकिन कांग्रेस-TMC जैसे दलों ने इसे भी अपने झूठ के रंग से रंग दिया।

8. कांग्रेस ने OBC का आरक्षण मुस्लिमों को दिया
तुष्टिकरण की जिद में INDI गठबंधन SC-ST-OBC को मिलने वाला आरक्षण भी छीनना चाहती है। ये लोग कह रहे हैं कि आरक्षण अब मुसलमानों को दिया जाए। पूरा का पूरा आरक्षण मुसलमानों को दिया जाए। कर्नाटक में कांग्रेस ने OBC को मिलने वाले सारे आरक्षण मुसलमान को दे चुकी है।

9. भ्रष्टाचारियों को मोदी नहीं छोड़ेगा
ये जो नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं, इन पहाड़ के मालिकों को छोड़ा नहीं जाएगा। मैं भ्रष्टाचार से पीड़ित हर बंगालवासी को कहूंगा, कोई भी भ्रष्टाचारी बचने वाला नहीं है। ये जो करोड़ों रुपए इनसे बरामद हो रहे हैं, ये पीड़ितों को कैसे मिलें। मोदी इसका भी रास्ता खोज रहा है।

10. संदेशखाली में नया खेल शुरू हुआ है
संदेशखाली के गुनहगार को, पहले TMC की पुलिस ने बचाया, अब TMC ने एक नया खेल शुरू किया है। TMC के गुंडे, संदेशखाली की बहनों को डरा रहे हैं, धमका रहे हैं, सिर्फ इसलिए कि अत्याचारी का नाम शाहजहां शेख है।

 

Related Posts

1 of 809

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *