उमाकांत त्रिपाठी। लोकसभा में सोमवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आमने-सामने आ गए। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है। जिस पर शिवराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी गलत बयानबाजी कर रहे हैं।
दरअसल, नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी सोमवार को पहली बार संसद में बोले। उन्होंने कहा कि किसान का कर्जा माफ होना चाहिए और उसे एमएसपी मिलनी चाहिए। आपकी सरकार ने कह दिया कि किसान का कर्जा माफ नहीं होगा और एमएसपी नहीं मिलेगी। राहुल की इस बात पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भड़क गए। उन्होंने राहुल को इस बयान को साबित करने की चुनौती दे डाली।
एमएसपी को लेकर राहुल का सवाल
राहुल गांधी ने कहा- ‘700 किसान शहीद हुए, हमने कहा संसद में मौन होना चाहिए। आपने मौन नहीं होने दिया। आपने कहा ये किसान नहीं है। आपके मुताबिक यह किसान नहीं थे, आतंकवादी थे। राहुल गांधी ने आगे कहा- ‘किसानों ने सिर्फ यह कहा कि 16 लाख करोड़ रुपए का जब अरबपतियों का कर्ज माफ हो सकता है तो थोड़ा सा हमारा भी कर्जा माफ कर दीजिए। किसानों ने कहा कि हर प्रोडक्ट के लिए सही प्राइस मिलती है, हमें भी एमएसपी दे दीजिए। आप लोगों ने कहा कि किसान का कर्ज माफ नहीं होगा। और एमएसपी नहीं मिलेगी।
शिवराज ने दिया राहुल को जवाब
राहुल गांधी की बात सुनकर शिवराज सिंह चौहान खड़े हो गए। उन्होंने कहा ये गलत बयानी कर रहे हैं। सरकार एमएसपी दे रही है। ये मोदी जी की सरकार है। उत्पादन की लागत पर कम से कम 50% जोड़कर एमएसपी दी जा रही है। यदि नहीं दी जा रही है तो यह बात सत्यापित करें। शिवराज सिंह ने कहा- ये गलत बयानी कर सदन को गुमराह कर रहे हैं। आज भी एमएसपी पर खरीद जारी है। अभी 14 खरीफ की फसलों के एमएसपी के रेट तय किए हैं। शिवराज ने राहुल गांधी से कहा कि वे बताएं कि जब उनकी सरकार थी तब एमएसपी कितनी थी उस समय खरीद कितनी होती थी। आज भी एमएसपी पर खरीद जारी है। यह गलत बयानी कर रहे हैं। यह इस बात को सत्यापित करें कि एमएसपी पर खरीदी नहीं हो रही।














