उमाकांत त्रिपाठी। पीएम मोदी की यात्रा से पहले क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि भारत और रूस के बीच संबंध रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर है. उन्होंने यह भी कहा कि क्रेमलिन में आमने-सामने की बातचीत और प्रतिनिधिमंडलों की बातचीत दोनों ही होंगी.
5 साल बाद जाएंगे रूस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सोमवार को रूस की यात्रा पर होंगे. उनकी इस यात्रा से पहले मॉस्को की ओर से जारी बयान में कहा गया कि रूस ‘बेहद अहम यात्रा’ को लेकर उत्सुक है. वह इस यात्रा को भारत और रूस के आपसी संबंधों के लिए बेहद अहम मानता है. पीएम करीब 5 साल बाद रूस का दौरा कर रहे हैं.पीएम मोदी के मॉस्को पहुंचने से पहले रूस के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास और कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव की ओर से शनिवार को यह बात कही गई. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के न्यौते पर पीएम मोदी 22वें भारत और रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. वह 8 और 9 जुलाई को रूस की राजधानी मॉस्को में रहेंगे.
वैश्विक मुद्दों पर होगी चर्चा
विदेश मंत्रालय की ओर से गुरुवार को नई दिल्ली में इस उच्च स्तरीय यात्रा को लेकर जानकारी दी गई थी और कहा था कि दोनों शीर्ष नेता दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों को लेकर विस्तार से समीक्षा करेंगे. साथ ही आपसी हितों के समकालीन क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श भी करेंगे. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने रूस के सरकारी टेलीविजन VGTRK के साथ एक खास इंटरव्यू में कहा कि मॉस्को में दोनों नेता अन्य कार्यक्रमों के अलावा अनौपचारिक बातचीत भी करेंगे. उन्होंने कहा, “जाहिर है कि अगर इसे अति व्यस्त न भी कहा जाए तो भी एजेंडा व्यापक होगा. पीएम मोदी की यह एक आधिकारिक यात्रा होगी और हमें उम्मीद है कि दोनों नेता अनौपचारिक तरीके से भी बातचीत कर सकेंगे।














