उमाकांत त्रिपाठी।नौ साल बाद ही सही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बजट में अपना नौ साल पहले किया वादा पूरा कर दिया है. इस बजट में 25 हजार करोड़ की जगह केंद्र सरकार ने 60 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक के प्रोजेक्ट मंजूर किए हैं. इसमें 59 हजार करोड़ तो केवल बड़ी परियोजनाओं के लिए हैं.
बिहार के लिए बजट में केंद्र खोल दिया खजाना
केंद्र सरकार इस बार के बजट में बिहार पर मेहरबान नजर आई. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को अपने बजट भाषण में बिहार के लिए करीब 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट का ऐलान किया है. इसमें से 58 हजार 900 करोड़ रुपये तो उन्होंने केवल बड़े प्रोजेक्ट के लिए दिए हैं. जबकि कई अन्य छोटे प्रोजेक्ट के लिए भी प्रावधान इस बजट में किए गए हैं. इसमें सबसे अहम बिहार में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 26 हजार करोड़ का बजट शामिल है.इसी प्रकार पावर प्रोजेक्ट्स के लिए 21 हजार 400 करोड़ रुपये दिए गए हैं. वहीं, बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ आपदा से निपटने के लिए 11 हजार 500 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में बिहार के लिए नए मेडिकल कॉलेज और एयरपोर्ट की बात जोर शोर से रखते हुए इसके लिए अलग से बजट का प्रावधान किया है. केंद्र सरकार की मंशा के मुताबिक निकट भविष्य में बिहार में कई नए मेडिकल कॉलेज खुलेंगे. इसी प्रकार कई शहरों में एयरपोर्ट शुरू करने की भी संभावना है.
गंगा नदी पर बनेंगे दो नए पुल
वित्त मंत्री ने गंगा नदी पर दो नए पुल बनाने की भी घोषणा की है. इसमें से एक पुल बक्सर में बनाने का प्रस्ताव किया है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से बिहार के नालंदा शहर को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. इसी प्रकार राज्य में पर्यटन की अन्य संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा. इसी क्रम में बिहार में बिजली की समस्या को देखते हुए यहां पिरपैंती में 2400 मेगावाट क्षमता वाले बिजलीघर की भी रूप रेखा तैयार की गई है.














