उमाकांत त्रिपाठी। केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड के बाद हुई तबाही को लेकर अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि- अगर केरल सरकार संभावित भूस्खलन और लोगों की जान के जोखिम के बारे में केंद्र सरकार की चेतावनी के बाद अलर्ट हो जाती तो इतना नुकसान नहीं होता।
हमारी सरकार केरल के लोगों के साथ- शाह
गृहमंत्री शाह ने कहा कि- राजनीति से अलग, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार केरल के लोगों के साथ खड़ी रहेगी। केंद्र ने पहले से ही केरल सरकार को चेतावनी दी थी, हमने 23 जुलाई को एनडीआरएफ की 9 टीमें भेजी, कल तीन टीम और भेजी। अगर एनडीआरएफ की टीमें उसी दिन अलर्ट हो जाती तो बहुत कुछ बचाया जा सकता था। लेकिन यह सरकार और केरल के लोगों के साथ खड़े होने का समय है।
हमने 7 दिन पहले ही बता दिया था
अमित शाह ने कहा कि- घटना से 7 दिन पहले केंद्र ने केरल सरकार चेतावनी भेजी थी और फिर 24, 25 और 26 जुलाई को भी हमने राज्य सरकार को अलर्ट किया था। हमने बताया था की 20 सेमी से ज्यादा भारी बारिश की संभावना है और भूस्खलन भी हो सकता है। मिट्टी के इस बहाव से कई लोगों की जान जा सकती है। हमने 2014 के बाद इस तरह की घटनाओं के पूर्वनुमान के लिए 2 हजार करोड़ का फंड खर्च किया है।
केंद्र-राज्य सरकार का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
इधर वायनाड में लैडस्लाइड प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू अभियान जारी है। भारतीय सेना, डीएससी केंद्र, प्रादेशिक सेना, एनडीआरएफ, भारतीय नौसेना और भारतीय वायुसेना के 1200 बचावकर्मी यहां तैनात हैं। बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों से 1 हजार से ज्यादा लोगों को बचाया गया।














